देश की खबरें | भाजपा नेताओं ने मुर्मू की तारीफ की, साधारण पृष्ठभूमि से राष्ट्रपति पद तक के सफर का विशेष जिक्र किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत की सराहना करते हुए साधारण पृष्ठभूमि से यहां तक पहुंचने के उनके सफर को प्रमुखता से सामने रखा । शाह ने इसे देश के लिए गौरवशाली क्षण बताया।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत की सराहना करते हुए साधारण पृष्ठभूमि से यहां तक पहुंचने के उनके सफर को प्रमुखता से सामने रखा । शाह ने इसे देश के लिए गौरवशाली क्षण बताया।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि आदिवासी पृष्ठभूमि की एक महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना देश के लिए ‘स्वर्णिम क्षण’ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक एवं सामाजिक कार्यों में उनकी क्षमता एवं अनुभव से देश बहुत लाभान्वित होगा।
नड्डा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री राष्ट्र निर्माण में व्यस्त हैं, तब मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन होंगी, जो समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति भाजपा सरकार की कटिबद्धता को दर्शाता है।
शाह ने ट्वीट किया,‘‘ द्रौपदी मुर्मू जी को देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के ऐतिहासिक क्षण पर उनसे भेंट कर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति चुनाव में उनकी प्रचंड विजय पर पूरा देश विशेषकर जनजातीय समाज उत्साह व हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहा है।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘ मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची है वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश व समाज की सेवा में समर्पित किया वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनकी विजय को भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताते हुए कहा कि मुर्मू गरीबों और समाज के वंचित वर्ग के कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं और अब वह सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)