देश की खबरें | महादेव ऐप के प्रमोटरों के साथ हैं भाजपा नेताओं के संबंध, इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही: बघेल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महादेव सट्टेबाजी ऐप के संबंध में अपने ऊपर लगे आरोपों के बीच, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेताओं पर ऐप के प्रमोटरों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया और कहा कि इसीलिए उनके खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
रायपुर, चार नवंबर महादेव सट्टेबाजी ऐप के संबंध में अपने ऊपर लगे आरोपों के बीच, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेताओं पर ऐप के प्रमोटरों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया और कहा कि इसीलिए उनके खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप में धनशोधन की जांच के सिलसिले में शुक्रवार शाम को जारी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रेस नोट को भाजपा का दूसरा घोषणापत्र बताया।
उन्होंने महादेव ऐप सट्टेबाजी मामले पर एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ''ये लोग सीधी लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं इसलिए ईडी के माध्यम से चुनाव लड़ रहे हैं। कल (भाजपा का) घोषणा पत्र जारी हुआ। एक घोषणा पत्र हिंदी में था जो भारतीय जनता पार्टी ने जारी किया। दूसरा घोषणा पत्र शाम को जारी हुआ वह अंग्रेजी में था, वह ईडी के लेटर पैड में था।''
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री जी पूछ रहे हैं कि दुबई के लोगों से क्या संबंध है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि दुबई के लोगों से आपके क्या संबंध है। क्यों लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। गिरफ्तारी की जिम्मेदारी तो भारत सरकार की है। क्यों महादेव एप बंद नहीं हुआ, बंद करने की जिम्मेदारी तो भारत सरकार की है। मैं प्रधानमंत्री से पूछता हूं कि आपका और आपके लोगों के साथ क्या सौदा हुआ है। और अगर सौदा नहीं हुआ तो (आप) ऐप बंद क्यों नहीं करते। और बंद नहीं कर रहे हैं तो इसका मतलब आपने सौदा कर लिया है।''
बघेल ने कहा, '' उन्होंने जांच किए बगैर ही आरोप लगा दिया। अमित शाह के शब्दों में क्रोनोलॉजी समझिए। प्रधानमंत्री आते हैं, गृह मंत्री आते हैं, उससे पहले ईडी आती है फिर होटल में (आरोपी को) पकड़ा जाता है। निर्वाचन आयोग क्या कर रहा है। कैसे पैसा आ गया।''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''सोनी, सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है? महादेव ऐप बंद क्यों नहीं हो रहा है? इसका मतलब है आपके संबंध हैं, प्रधानमंत्री जी। आपके पार्टी के लोगों के संबंध है और आपके लोगों के द्वारा लेनदेन हुआ है, इस कारण से उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। यह मेरा सीधा आरोप है।’’
ईडी ने शुक्रवार को दावा किया कि फोरेंसिक जांच और ‘कैश कूरियर’ के बयान से ‘चौंकाने वाले’ खुलासे हुए हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है।
जांच एजेंसी ने छत्तीसगढ़ में कूरियर असीम दास से 5.39 करोड़ रुपये बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को दुर्ग में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यहां की कांग्रेस पार्टी को, यहां की सरकार को, यहां के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे इस घोटाले के आरोपियों के साथ उनके क्या संबंध हैं।
छत्तीसगढ़ में सात नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 04, 2023 06:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

