बेंगलुरु, तीन अप्रैल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास का घेराव करने के लिए मार्च निकाल रहे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य वरिष्ठ नेताओं को बृहस्पतिवार को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए भाजपा विधायकों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक भी शामिल थे।
पार्टी ने बुधवार को मूल्य वृद्धि और अन्य मुद्दों के खिलाफ ‘फ्रीडम पार्क’ में 24 घंटे का धरना शुरू किया और बृहस्पतिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया।
विजयेंद्र ने बाद में पत्रकारों से कहा कि प्रदर्शन मूल्य वृद्धि, सरकारी ठेकों में मुसलमानों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण और अनुसूचित जाति उप योजना और अनुसूचित जनजाति उप योजना के लिए निर्धारित धन में हेरफेर के खिलाफ है।
विजयेंद्र ने कहा, ‘‘हम इन तीन प्रमुख मुद्दों को लोगों तक ले जा रहे हैं।’’
कर्नाटक के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, पार्टी की सात अप्रैल से मैसूर से ‘जन आक्रोश यात्रा’ शुरू करने की भी योजना है, जिसे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी रवाना करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY