एजेंसी न्यूज

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने रविवार को बताया कि 14 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ के आरोपी भगवत सिंह बोरा को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया.

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित
BJP | Photo- X

देहरादून, 1 सितंबर : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने रविवार को बताया कि 14 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ के आरोपी भगवत सिंह बोरा को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया. इस बीच, घटना का संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर पार्टी के सल्ट क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष पद पर आसीन बोरा को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कथित घटना 24 अगस्त को सल्ट राजस्व क्षेत्र में हुई, जिसकी सूचना सल्ट तहसील में 30 अगस्त को दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि उसी रात यह सूचना नियमित पुलिस को स्थानांतरित हुई, जिसके बाद कार्रवाई की गई. पिंचा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-74 (महिला का शील भंग करने के लिए उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

इस बीच, लड़की के बयान दर्ज कराने के बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी करा लिया गया है. मामले को लेकर सत्ताधारी भाजपा को घेरते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले में भाजपा सरकार ने अपने नेताओं को लाइसेंस दे दिया है.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने नेताओं को महिलाओं के साथ दुष्कर्म, उत्पीड़न और हिंसा करने की पूरी छूट दे रखी है. इस संबंध में उन्होंने देश और प्रदेश की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि किसी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई. उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, हत्या और दुष्कर्म के मुद्दे पर कांग्रेस ने शनिवार को सड़कों पर उतरकर प्रदेशव्यापी आंदोलन भी किया था. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने लड़की के साथ हुई घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आरोपी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. यहां जारी एक बयान में भट्ट ने कहा कि प्रदेश की पुष्कर धामी सरकार अपराध को लेकर ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति पर अमल कर रही है. यह भी पढ़ें : दिल्ली: भाजपा ने चित्रा विहार की झुग्गी बस्तियों में बिजली के ज्यादा बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया

उन्होंने कहा, “इस मामले में भी आरोपी छोटा हो या बड़ा, रसूखदार हो या किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, हमारी सरकार कठोरतम कार्रवाई कर रही है. मातृ शक्ति के साथ हुए अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जहां तक संगठन के पक्ष की बात है, तो घटना में संलिप्त नेता को तत्काल प्रभाव से सभी पदों से बर्खास्त करते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है.” भट्ट ने विपक्ष के नेताओं समेत सभी पक्षों से सब्र रखने का आग्रह करते हुए कहा कि बेवजह की बयानबाजियों से बचते हुए कानून को अपना काम करने का अवसर दें और आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने के लिए एकजुट हों. राज्यसभा सांसद भट्ट ने कहा कि इससे पहले भी जब दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आईं, तो उनमें भी सख्त कार्रवाई की गई. भट्ट ने रुद्रपुर में नर्स के साथ दुष्कर्म-हत्या मामले और पौड़ी के अंकिता हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सभी घटनाओं में न्यायिक प्रक्रिया निर्णायक मोड़ तक पहुंच चुकी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2024 03:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).