देश की खबरें | भाजपा ने आप के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी’ अभियान शुरू किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधने के लिए भाजपा ने रविवार को यहां ‘‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी’’ अभियान शुरू किया।
नयी दिल्ली, 11 जून दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधने के लिए भाजपा ने रविवार को यहां ‘‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी’’ अभियान शुरू किया।
‘‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी' अभियान ऐसे समय में शुरू किया है, जब केजरीवाल सहित आप के नेता सेवाओं के मामलों पर दिल्ली सरकार का नियंत्रण वापस लेने वाले अध्यादेश को लेकर नरेन्द्र मोदी नीत सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
भाजपा दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के 52 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत में अनियमितता का आरोप लगाती रही है और इसे ‘राज महल’ बता रही है।
अभियान के दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी को घेरने के लिए मुख्यमंत्री के पुनर्निर्मित आधिकारिक आवास के मॉडल के साथ सेल्फी लेंगे।
कनॉट प्लेस में शुरू हुए अभियान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी और हंस राज हंस सहित अन्य शामिल हुए।
सचदेवा ने कहा कि ‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी' अभियान दिल्ली के लोगों के सामने केजरीवाल की असलियत को उजागर करेगा। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल ने अपने बंगले पर जनता की गाढ़ी कमाई का 52 करोड़ रुपये खर्च कर भ्रष्टाचार किया है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)