देश की खबरें | भाजपा आईटी सेल ने हताशा, कपटता की सभी सीमाओं को पार किया: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने राहुल गांधी को निशाना बनाकर एक एनिमेटेड वीडियो जारी करने के लिए सोमवार को भाजपा आईटी सेल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह ‘‘हताशा और कपटता की सभी सीमाओं’’ को पार कर चुकी है।
नयी दिल्ली, 19 जून कांग्रेस ने राहुल गांधी को निशाना बनाकर एक एनिमेटेड वीडियो जारी करने के लिए सोमवार को भाजपा आईटी सेल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह ‘‘हताशा और कपटता की सभी सीमाओं’’ को पार कर चुकी है।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने इसमें शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है और पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए हम इसे अंजाम तक ले जाएंगे।’’
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने 2.5 मिनट के वीडियो को इस लाइन के साथ साझा किया ‘‘राहुल गांधी विदेशी ताकतों का मोहरा?’’
वीडियो में कहा गया, ‘‘राहुल गांधी एक उम्मीद, इकलौता विकल्प है, भारत के लिए नहीं, बल्कि भारत विरोधी शक्तियों के लिए। राहुल गांधी ने खुद को एक मोहरे के रूप में पेश किया है, ताकि भारत को तोड़ने में उनका इस्तमाल किया जा सके।’’
वीडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जयराम रमेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा आईटी सेल के नए हमलों से साफ है कि उन्होंने अब हताशा और कपटता की सभी सीमाओं को पार कर दिया है।’’
रमेश ने कहा, ‘‘कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने बड़े या शक्तिशाली खुद को समझते हैं, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि वे जो झूठ फैलाते हैं, उसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए।’’
कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियंक खरगे ने राहुल गांधी के भाषण के वीडियो से कथित छेड़छाड़ के मामले में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मालवीय और भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण सूद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
प्रियंक ने आरोप लगाया, ‘‘मालवीय द्वारा साझा किए गए वीडियो में, राहुल गांधी को एक दुर्भावनापूर्ण और झूठे एनिमेटेड वीडियो में निशाना बनाया गया है, जिसका नड्डा और अरुण सूद जैसे भाजपा के प्रमुख नेताओं ने समर्थन किया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह वीडियो मालवीय के ट्विटर हैंडल पर न केवल (राहुल) गांधी और कांग्रेस की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के स्पष्ट और दुर्भावनापूर्ण इरादे से प्रसारित किया गया था, बल्कि यह सांप्रदायिक कलह को भड़काने तथा कांग्रेस और उसके नेताओं के व्यक्तित्व को गलत तरीके से पेश करने का भी प्रयास था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2023 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

