भाजपा झारखंड की छवि खराब करने की पूरी कोशिश कर रही है: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झूठे प्रचार के माध्यम से उनकी और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया.
रांची, 13 नवंबर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झूठे प्रचार के माध्यम से उनकी और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन के खिलाफ प्रचार करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है और उसने 95,000 व्हाट्सएप ग्रुप बनाए हैं. भाजपा पर निशाना साधते हुए सोरेन ने कहा, "तानाशाहों के पास अरबों रुपये हो सकते हैं लेकिन मेरा मानना है कि अनुचित तरीकों से जीत हासिल करने के बजाय सिद्धांतों पर अड़े रहना बेहतर है."
ये आरोप ऐसे समय लगाए गए जब राज्य में पहले चरण के तहत 81 विधानसभा क्षेत्रों में से 43 पर मतदान हो रहा है. सोरेन ने कहा, ‘‘मैं आपके समक्ष एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट पेश करना चाहता हूं. भाजपा द्वारा छद्म प्रचार के माध्यम से मेरी और राज्य की छवि को खराब करने के लिए फेसबुक पर विज्ञापन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं. सोरेन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, "पिछले 30 दिन में 'झारखंड चौपाल', 'रांची चौपाल' जैसे विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट से 72 लाख रुपये के विज्ञापन दिए गए हैं. अगर आप इन पेजों की सामग्री देखेंगे तो आपको समझ में आ जाएगा कि उनका एकमात्र उद्देश्य मेरी और राज्य की छवि खराब करना, धार्मिक उन्माद फैलाना और लोगों को आपस में लड़ाना है." उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई.,सोरेन ने आरोप लगाया, ‘‘इसके अलावा 95,000 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर राज्य और उसके नागरिकों की छवि लगातार खराब की जा रही है.’’ यह भी पढ़ें : गांवों और पंचायतों के सशक्तीकरण से भारत की प्रगति को बढ़ावा मिलेगा: मुर्मू
मुख्यमंत्री ने दावा किया," भाजपा ने हमारी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए, जबकि हमने ऐसे किसी भी प्रचार पर एक भी रुपया खर्च नहीं किया, जिसकी पुष्टि किसी भी सोशल मीडिया मंच की 'विज्ञापन लाइब्रेरी' में जाकर की जा सकती है." झामुमो नेता ने आरोप लगाया, "तानाशाहों ने नकली टीके और दवाइयां बेचकर अरबों रुपये कमाए होंगे, लेकिन इससे उन्हें कभी वास्तविक प्रगति नहीं मिलेगी. आप लोग ही मेरी असली ताकत हैं. जब से मैं जेल गया, तब से लेकर आज तक आपने हमेशा मेरा साथ दिया है. इसके लिए मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं." एक अन्य पोस्ट में सोरेन ने दावा किया कि झामुमो कभी भी भाजपा नीत राजग की तरह विभाजनकारी राजनीति में लिप्त होने में विश्वास नहीं रखती है. सोरेन ने आरोप लगाया, "आज भाजपा नीत राजग केवल धार्मिक मुद्दे और पड़ोसी देशों के साथ विवाद उठाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहता है, क्योंकि उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है. बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और चीनी सीमा पर घुसपैठ जैसे गंभीर मुद्दों का उनके पास कोई समाधान नहीं है. वे बांग्लादेशी भगोड़ों को शरण देते हैं और बांग्लादेश के साथ लगी सीमा की सुरक्षा करने में विफल रहने के बाद अब दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2024 02:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

