देश की खबरें | दलितों पर अत्याचार करने वाले को भाजपा करती है पुरस्कृत: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने एन रामचंद्र राव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर शुक्रवार को सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि भाजपा दलितों पर अत्याचार करने वालों पुरस्कृत करती है।
नयी दिल्ली, 11 जुलाई कांग्रेस ने एन रामचंद्र राव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर शुक्रवार को सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि भाजपा दलितों पर अत्याचार करने वालों पुरस्कृत करती है।
तेलंगाना उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने यह दावा किया कि राव वर्ष 2016 में रोहित वेमुला खुदकुशी मामले के आरोपियों में शामिल थे और अब उन्हें भाजपा ने प्रदेश की कमान सौंप दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को राव की नियुक्ति पर पुनर्विचार करना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि रोहित वेमुला मामले में पुलिस ने जिन लोगों को क्लीन चिट दी थी उनमें राव भी शामिल थे।
तेलंगाना विधान परिषद के पूर्व सदस्य (एमएलसी) एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के वरिष्ठ नेता रामचंद्र राव को बीते एक जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।
वरिष्ठ अधिवक्ता राव ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी का स्थान लिया है।
हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रहे रोहित वेमुला ने जनवरी, 2016 में कथित जातिगत भेदभाव के कारण आत्महत्या कर ली थी।
विक्रमार्क ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘‘भाजपा के तत्कालीन एमएलसी रामचंद्र राव अपने गुंडों के साथ आए, धरना दिया, कुलपति से मुलाकात की और अधिकारियों पर वंचित छात्रों के संगठन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दबाव डाला था और झूठा मामला भी दर्ज कराया। छात्रों पर इस दबाव के कारण अंततः रोहित को अपनी जान लेनी पड़ी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब दलित और आदिवासी सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहे हैं, उस समय रामचंद्र राव को तेलंगाना राज्य के लिए पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त करके, भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जो कोई भी दलितों और आदिवासियों के खिलाफ जाएगा उसे भाजपा द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।’’
विक्रमार्क ने कहा कि एबीवीपी के पूर्व नेता सुशील कुमार को दिल्ली विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्त किया गया है जबकि वह भी वेमुला मामले में आरोपी रहे हैं।
उनका कहना था, ‘‘मेरी सभी लोगों से अपील है कि इस देश में क्या हो रहा है, इस पर गहराई से सोचें। सरकार का मूल कर्तव्य देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना होना चाहिए। भाजपा को इन नियुक्तियों पर पुनर्विचार करना चाहिए और देश से बिना शर्त माफी भी मांगनी चाहिए।’’
कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, ‘‘पहले जब कहीं भी दलित, पिछड़े, आदिवासी छात्रों के साथ उत्पीड़न की घटना होती थी, तब सरकार पीड़ित लोगों के साथ खड़ी होती थी, वहीं जो लोग इसके आरोपी होते थे, उनको सजा दी जाती थी। लेकिन 2014 के बाद जो लोग दलित, पिछड़े, आदिवासी छात्रों के साथ उत्पीड़न की घटनाएं करते हैं, भाजपा सरकार उनके साथ खड़ी रहती है।’’
उन्होंने दावा किया कि वेमुला मामले में भाजपा हमेशा से आरोपियों के साथ खड़ी रही।
गौतम ने कहा, ‘‘बंडारू दत्तात्रेय को सजा देने के बजाय, हरियाणा का राज्यपाल बना दिया गया। एम सुशील कुमार को दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर बना दिया। राम चंद्र राव का रोहित वेमुला हत्या में अहम रोल था, भाजपा ने उनको तेलंगाना प्रदेश का अध्यक्ष बना दिया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सामाजिक न्याय पर भरोसा नहीं करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

