Arvind Kejriwal on BJP: दिल्ली चुनाव से पहले वोट खरीदने के लिए भाजपा धन और सोने की चेन बांट रही है; अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धन और सोने की चेन बांट रही है.
नयी दिल्ली, 14 जनवरी : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धन और सोने की चेन बांट रही है. यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि आप का ‘ग्राफ’ बढ़ रहा है और उसे एक बार फिर पूर्ण बहुमत मिलेगा. केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के पास आप को चुनौती देने के लिए दूरदृष्टि और नेतृत्व का अभाव है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा ने अपने सभी हथियार डाल दिए हैं क्योंकि उसके पास कोई दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री पद का कोई चेहरा नहीं है. उसके पास कुछ भी नहीं है.’’
भाजपा पर चुनाव में अनुचित तरीका अपनाने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि पार्टी वोट खरीदने के लिए जैकेट, जूते, साड़ियां, धन और यहां तक कि सोने की चेन भी बांट रही है. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि दो कॉलोनियों में सोने की चेन बांटी जा रही है. भाजपा कह रही है कि वह लोगों के वोट खरीदेगी. मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि अगर चुनाव के दौरान आप उम्मीदवार सहित कोई भी धन या सामान की पेशकश करता है, तो इनमें से किसी को भी वोट नहीं दें.’’ यह भी पढ़ें : Chhatrapati Sambhajinagar Shocker: ड्यूटी पर जाते समय PSI के गले में फंसा जानलेवा नायलॉन मांझा, गर्दन कटी, हॉस्पिटल में किया गया एडमिट
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, यह स्पष्ट होता जा रहा है कि आप पूर्ण बहुमत के साथ एक स्थिर सरकार बनाने जा रही है. समय के साथ आप का ग्राफ ऊपर बढ़ रहा है.’’ दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और आठ फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. वर्ष 2015 और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप ने क्रमशः 67 और 62 सीट जीती थी. भाजपा ने 2015 में तीन और 2020 में आठ सीट जीती थी, जबकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 14, 2025 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

