देश की खबरें | भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने की साजिश कर रही है : अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने की साजिश रचने का सोमवार को आरोप लगाया।
लखनऊ, एक जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने की साजिश रचने का सोमवार को आरोप लगाया।
यादव ने आज नववर्ष पर समाजवादी पार्टी के यहां राज्य मुख्यालय में डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा, ''2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली को रोकना है। भाजपा को रोकने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। सावधानी से वोट का इस्तेमाल करना है।''
सपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा को हराने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
सपा प्रमुख ने कहा, “2024 का लोकसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। जनता को सावधान करना है कि जब लोकतंत्र और संविधान ही नहीं रहेगा तो फिर वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा। पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों) को न्याय नहीं मिलेगा।”
यादव ने आरोप लगाया, ''भाजपा सरकार के दस वर्ष में देश पीछे चला गया है। देश को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला है। भाजपा ने जो वादे किए थे, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। लोकतंत्र और संविधान को कमजोर किया है।''
सपा प्रमुख ने कहा, ''भाजपा सरकार को 2024 के लोकसभा चुनाव में हर हाल में हटाना है। भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से किसान, नौजवान समेत हर वर्ग तबाह हो गया है।''
यादव ने दावा किया, “ भाजपा सरकार ने प्रदेश में अराजकता फैला रखी है। महिला अपराध और साइबर अपराध में प्रदेश नम्बर वन है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां दुष्कर्म की शिकार हो रही हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। शिक्षक अभ्यर्थी वर्षों से अपनी नियुक्ति के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और भाजपा सरकार उन पर निर्ममता से लाठियां बरसा रही है।”
यादव ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए वर्ष 2024 में सभी के जीवन में सुख समृद्धि की मंगल कामना की।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव तथा स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी सभी को नए साल की बधाई दी और कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
आनन्द नोमान
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 01, 2024 08:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

