एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक 'राजनीतिक गिरोह' है भाजपा : अखिलेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक 'राजनीतिक गिरोह' होने का आरोप लगाते हुए रविवार को दावा किया कि राज्य सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है।

देश की खबरें | भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक 'राजनीतिक गिरोह' है भाजपा : अखिलेश

लखनऊ, 15 जून समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक 'राजनीतिक गिरोह' होने का आरोप लगाते हुए रविवार को दावा किया कि राज्य सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है।

यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, "भाजपा एक राजनीतिक गिरोह है। भाजपा में अपराधियों की भरमार है। वह भू माफियाओं को प्रश्रय देती है। भाजपा के लोग सरकारी और गरीबों की जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं।"

उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अराजकता की गिरफ्त में है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है। हर कार्य में लूट चल रही है। भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है। आम जनता त्रस्त है। शिक्षा, स्वास्थ्य व बिजली कानून व्यवस्था सब बर्बाद हो चुकी है।"

यादव ने कहा, "भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग स्वदेशी को लेकर बड़ी-बड़ी बाते करते है। संघ प्रमुख केन्द्र सरकार को स्वदेशी अपनाने की बात क्यों नहीं कहते? आज देश का पूरा बाजार चीनी सामानों से पटा हुआ है। इसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। केन्द्र सरकार चीनी सामानों को रोककर स्वदेशी उत्पादों को अवसर क्यों नहीं दे रही है? केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों की प्राथमिकता में स्वदेशी क्यों नहीं है?"

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और इसकी आर्थिक नीतियां पूरी तरह असफल है तथा भाजपा की कथनी करनी विरोधाभासी है और जनता भाजपा की सच्चाई जान चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “केन्द्र की 11 वर्ष और प्रदेश की नौ वर्ष की भाजपा सरकार में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश में केन्द्र और प्रदेश सरकार मिल कर अब भी समाजवादी सरकार में किये गये विकास कार्यों का फीता काट रही है। भाजपा का आचरण अलोकतांत्रिक है।"

यादव ने कहा कि जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 'विशेष धांधली स्क्वाड' को ध्वस्त कर देगी और जनता की ताकत के सामने भाजपा की कोई साजिश सफल नहीं होगी तथा भाजपा का पन्ना प्रमुख कार्यक्रम भी काम नहीं आएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2025 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).