देश की खबरें | कर्नाटक में भाजपा ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।

बेंगलुरु, 17 जून कर्नाटक में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।

कर्नाटक सरकार ने शनिवार को ईंधन पर 'बिक्री कर' बढ़ा दिया, जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी हो जाएगी।

बिक्री कर बढ़ाने से राज्य में पेट्रोल की कीमत में तीन रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

भाजपा द्वारा हर जिलों के पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया।

बेंगलुरु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि यह विरोध कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के जनविरोधी रुख के खिलाफ किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों का असर राज्य के हर क्षेत्र पर सीधे पड़ेगा।

प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि पांच गारंटियों के कारण राज्य सरकार पर भारी वित्तीय बोझ पड़ा है। इसके कारण बहुत सारे विकास कार्य रुक गए हैं।

विजयेंद्र ने कहा, ""सरकार को यह एहसास हुआ कि गारंटी रोकने से जनता में आक्रोश पैदा होगा। इन गारंटियों को जारी रखने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दीं।"

कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी योजनाएं इस प्रकार हैं - सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली (गृह ज्योति), प्रत्येक परिवार की महिला मुखिया को 2,000 रुपये मासिक सहायता (गृह लक्ष्मी), बीपीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य को अतिरिक्त पांच किलो चावल के बदले नकद भुगतान (अन्न भाग्य), बेरोजगार स्नातक युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को दो साल के लिए 1,500 रुपये (युवा निधि), और सार्वजनिक परिवहन बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा (शक्ति)।

अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी का उद्देश्य संसाधन जुटाना है।

वित्त मंत्री का अतिरिक्त संभाल रहे मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य के राजस्व सृजन और राजकोषीय स्थिति की समीक्षा की और यह निर्णय लिया।

ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद हुई है। इन नतीजों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को कर्नाटक में 28 में से 19 सीट मिलीं, जिसमें भाजपा ने 17 और जनता दल (सेक्युलर) ने दो सीट जीतीं। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने नौ सीट पर जीत हासित की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\