जम्मू, तीन जुलाई नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के एक वरिष्ठ नेता ने जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की तत्काल बहाली की मांग करते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कदमों ने केंद्रशासित प्रदेश में लोकतांत्रिक शासन के सिद्धांतों को कमजोर कर दिया है।
जम्मू में पार्टी के प्रांत प्रमुख रतनलाल गुप्ता ने नौ साल के कार्यकाल के दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए शुरू किए गए भाजपा के जनसंपर्क कार्यक्रम की भी आलोचना की और इसे “महज तमाशा एवं मजाक” करार दिया।
अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने और अनुच्छेद 370 के तहत पूर्ववर्ती राज्य का विशेष दर्जा वापस लिए जाने का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने भावनाओं और आकांक्षाओं का “अनादर” किया है।
गुप्ता ने कहा, “जम्मू-कश्मीर की जनता और सत्तारूढ़ दल के बीच विश्वास के अभाव ने निराशा और आशंका का माहौल पैदा कर दिया है।”
उन्होंने केंद्रशासित प्रदेश में लोकतंत्र तत्काल बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा के कदमों ने लोकतांत्रिक शासन के सिद्धांतों को कमजोर कर दिया है।
गुप्ता ने कहा, “जम्मू-कश्मीर की जनता संविधान के अनुरूप अपनी आवाज उठाने, अपनी चिंताओं को दूर करने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की हकदार है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY