विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) हो या विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) हो या फिर हरियाणा में होने वाले एक के बाद एक हुए भर्ती घोटाले, देश व प्रदेश हर स्तर पर भाजपा की कारगुजारियां उजागर हो रही हैं।
हुड्डा ने हाल के लोकसभा चुनाव में सोनीपत से कांग्रेस उम्मीदवार पं. सतपाल ब्रह्मचारी की जीत के बाद धन्यवाद देने के लिए अयोजित ‘कार्यकर्ता सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में कांग्रेस नीट-यूजी और यूजीसी-नेट में कथित घोटालों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी सबक नहीं सीखा इसलिए लोकसभा चुनाव में जनता ने उसे सबक सिखा दिया।
वहीं, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी)-2024 में इतने बड़े स्तर पर धांधली हुई कि यह छिपाए नहीं छिप रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश और प्रदेश की सत्ता में बैठी भाजपा पूरी तरह भर्ती घोटालों में लिप्त है।
उदयभान ने कहा, “ऐसा लगता है कि भाजपा नीट-यूजी जैसी परीक्षाओं में धांधली करके युवाओं को मुन्ना भाई एमबीबीएस बनना चाहती है।”
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2024 पांच मई को 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी जिसमें लगभग 24 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
इस परीक्षा का परिणाम 14 जून को घोषित किये जाने की उम्मीद थी, लेकिन परिणाम चार जून को ही घोषित कर दिये गये थे क्योंकि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहले ही पूरा हो गया था।
देशभर के सरकारी और निजी कॉलेजों के एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट-यूजी का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY