देश की खबरें | सफाई कर्मचारी को ‘भाजपा के गुंडों’ ने पीटा, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अभय वर्मा की शिकायत पर कथित रूप से उन्हें बदनाम करने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों के विरुद्ध असंज्ञेय अपराध का मामला भी दर्ज किया है।
वर्मा ने दावा किया कि पुलिस ने उनकी शिकायत का संज्ञान लिया तथा ‘उनकी छवि खराब’ करने के लिए आप विधायकों--राखी बिरला और कुलदीप कुमार द्वारा लगाये गये झूठे आरोपों को लेकर रिपोर्ट दर्ज की।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘...अवैध वसूली एवं शराब माफिया के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।’’
पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी पर कथित हमले के लिए वर्मा से काफी नजदीकी संबंध रखने वाले ‘अज्ञात गुंडों’ के खिलाफ दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता गुगुलोथ ने कहा, ‘‘हमें जो शिकायत मिली है, उसके आधार पर हमने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 186 (सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में लोक सेवक को बाधा डालना), धारा 353 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग करना) और धारा 34 (सामान्य मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू की गई है।’’
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) को लिखे एक पत्र में एमसीडी ने बृहस्पतिवार को अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया था, क्योंकि मामला ‘‘शारीरिक उत्पीड़न, धमकी और सार्वजनिक अपमान’’ से जुड़ा था।
निगम ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का हवाला दिया था, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोगों को एमसीडी कर्मचारी को पीटते हुए देखा जा सकता है।
निगम ने पत्र में कहा है, ‘‘अठाईस दिसम्बर 2022 को घटी एक घटना अधोहस्ताक्षरी के संज्ञान में आई है, जिसमें एमसीडी विभाग में कार्यरत अमित नाम के एक पर्यावरण सहायक को कुछ अज्ञात गुंडों ने पीटा था। इन गुंडों को लक्ष्मीनगर के विधायक अभय वर्मा का करीबी बताया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)