देश की खबरें | भाजपा ने तेलंगाना सरकार से दलित कल्याण पर खर्च किए गए धन पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को मांग की कि तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार पिछले नौ वर्षों के दौरान दलित कल्याण पर खर्च की गई धन राशि को लेकर एक श्वेत पत्र जारी करे।

हैदराबाद, छह मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को मांग की कि तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार पिछले नौ वर्षों के दौरान दलित कल्याण पर खर्च की गई धन राशि को लेकर एक श्वेत पत्र जारी करे।

इसके अलावा भाजपा ने राज्य में दलितों के खिलाफ कथित अत्याचार पर एक 'जवाबदेही रिपोर्ट' भी जारी करने की मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने हाल ही में बीआरएस की सरकार द्वारा संविधान निर्माता डॉ बी आर आम्बेडकर की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि हालांकि राज्य सरकार ने भारतीय संविधान के निर्माता की विशाल प्रतिमा का उद्घाटन किया है लेकिन बीआरएस विपक्षी एकता की बात करती है और आम्बेडकर का अपमान करने वाले लोगों के साथ खड़ी है।

गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, ‘‘बाबासाहेब आम्बेडकर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान (भारत रत्न) देने में कांग्रेस सरकार को चार दशक से अधिक समय लग गया। और बीआरएस कांग्रेस के साथ ही खड़ी हुई है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लोगों ने बीआरएस को सेवा करने का मौका दिया लेकिन इसने दलित समुदाय को केवल गुमराह किया।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार थी, जिसने आम्बेडकर से जुड़े पांच ऐतिहासिक स्थलों को 'पंच तीर्थ' घोषित करने और एक दलित नेता और 'आदिवासी समाज की बेटी' को देश का राष्ट्रपति बनाने सहित कई उपाय किए।

भाजपा नेता ने सवाल करते हुए कहा, ‘‘ हम तेलंगाना की मौजूदा सरकार को चुनौती देना चाहते हैं। आपने दलितों के लिए, आदिवासियों के लिए, पिछड़ों के लिए, हाशिए पर पड़े लोगों के लिए क्या किया है। आम्बेडकर ने कहा था कि दलितों को प्रतिनिधित्व मिलने पर ही उन्हें सम्मान मिलेगा। आपने उनके लिए क्या किया है? आप एक मंत्री नियुक्त करते हैं और आप कहते हैं कि सभी को सम्मान मिला है।’’

पासवान ने कहा कि बीआरएस सरकार को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार से सीखना चाहिए क्योंकि उसने केंद्रीय मंत्रिमंडल में कमजोर वर्गों को ऐतिहासिक प्रतिनिधित्व दिया है।

उन्होंने कहा कि आम्बेडकर की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने के लिए भाजपा बीआरएस सरकार की आभारी है, लेकिन भाजपा की राज्य इकाई के दबाव के कारण ही यह प्रतिमा स्थापित की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\