नयी दिल्ली, 17 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की पिटाई करने संबंधी टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर शनिवार को तीखा हमला किया और कहा कि कांग्रेस को उन्हें फौरन पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राहुल पर चीन और पाकिस्तान की बोलने का आरोप लगाया।
नड्डा ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यह उनकी (राहुल) देशभक्ति पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक पर भी सवाल उठाए थे। यह उनके दिमागी दिवालियापन का प्रतिबिंब है।’’ नड्डा समेत भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राहुल पर हमला किया।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘‘रिमोट से संचालित’’ नहीं होते हैं और अगर विपक्षी दल देश के साथ खड़ा है तो राहुल को उनकी टिप्पणियों के लिए निष्कासित किया जाना चाहिए, जिसने भारत का ‘‘अपमान’’ किया है और सशस्त्र बलों का मनोबल तोड़ा है।
भाटिया ने गांधी की तुलना कन्नौज के राजा जयचंद से की जिन्हें कुछ ऐतिहासिक वृत्तांत में भारत से गद्दारी करने वाला व्यक्ति बताया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस प्रमुख सशस्त्र बलों का मनोबल तोड़ने की कोशिश लगातार करते रहे हैं चाहे पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों पर सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमले हों या गलवान घाटी में झड़प हो, जिसमें 20 जवान शहीद हो गए थे।
भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने पाकिस्तान में आतंकवादियों पर सशस्त्र बलों के हमले का कथित सबूत मांगा था जबकि उन्होंने गलवान झड़प के बाद प्रधानमंत्री को ‘‘सरेंडर मोदी’’ बताया था।
भाटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता को अपने बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से उनके पाप धुल नहीं जाएंगे, लेकिन इससे कम से कम यह दिखेगा कि उन्हें अपनी गलती का अहसास हो गया है।
गौरतलब है कि राहुल ने शुक्रवार को जयपुर में अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान दावा किया था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, जबकि सरकार सोई हुई है और इस खतरे को ‘‘नजरअंदाज’’ करने की कोशिश कर रही है।
अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीनी जवानों के बीच हाल ही में हुई झड़प के संदर्भ में उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में भारतीय जवानों की ‘‘पिटाई’’ की जा रही है। नड्डा ने कहा कि गांधी के बयान की जितनी भी निंदा की जाए वह काफी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल साहस और वीरता का प्रतीक हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, उसने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे और राजीव गांधी फाउंडेशन को यहां चीनी दूतावास से धन प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘शायद यही वजह है कि राहुल गांधी चीन और पाकिस्तान की बोलते हैं।’’ साथ ही नड्डा ने कहा कि डोकलाम में भारतीय और चीनी सैनिकों जब आमने-सामने थे, गांधी नयी दिल्ली में चीनी अधिकारियों से उनके दूतावास में ‘‘गुप्त रूप से’’ मिले थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY