देश की खबरें | भाजपा पार्षद पवन सहरावत फिर से ‘आप’ में शामिल हुए: पाठक

नयी दिल्ली, 14 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद पवन सहरावत रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) में फिर से शामिल हो गये। उन्होंने कहा कि यह ‘‘अपने परिवार में लौटने जैसा है।’’

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने सहरावत की वापसी को दिल्ली में ‘‘भाजपा के लिए बड़ा झटका’’ करार दिया है।

‘आप’ नेता दुर्गेश पाठक ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान सहरावत के ‘आप’ में शामिल होने की घोषणा की और कहा कि ‘‘कुछ संगठनात्मक मतभेद’’ थे, जिसके कारण वह भाजपा में शामिल हो गए थे।

पाठक ने कहा कि भले ही वह भाजपा में चले गये थे, लेकिन उनका मन ‘आप’ के साथ ही था।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘वह (सहरावत) लगातार मेरे संपर्क में थे और सभी गलतफहमियां दूर हो गईं और आज वे उसी परिवार में और उसी सम्मान के साथ पार्टी में लौट आए हैं। इसलिए, हम पवन का परिवार (आप) में स्वागत करते हैं।’’

बवाना से पार्षद सहरावत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की एक महत्वपूर्ण बैठक से पहले फरवरी में भाजपा में शामिल हो गये थे और उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी में ‘‘भ्रष्टाचार’’ के कारण उन्हें ‘‘घुटन’’ महसूस हो रही थी।

‘आप’ नेता द्वारा की गई घोषणा के बाद पाठक और सहरावत ने मीडियाकर्मियों के सामने हाथ मिलाया।

एमसीडी के 250 सदस्यीय सदन में ‘आप’ सत्ताधारी पार्टी है। पार्टी पार्षद शैली ओबेरॉय 26 अप्रैल को फिर से महापौर के रूप में निर्वाचित हुई थी।

इसके बाद सहरावत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं आज अपने परिवार (आप) के पास लौट आया हूं। हम ‘आप’ के काम को आगे बढ़ायेंगे और मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।’’

‘आप’ ने बाद में एक बयान में कहा कि वार्ड संख्या 30 के पार्षद ‘‘कुछ गलतफहमियों’’ के कारण ‘आप’ छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे।

इसमें कहा गया है, ‘‘संगठनात्मक स्तर पर सभी गलतफहमियां दूर हो जाने के बाद, उन्होंने ‘आप’ में लौटने का फैसला किया।’’

‘आप’ ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी ने दिया भाजपा को बड़ा झटका‼️ बवाना से भाजपा पार्षद पवन सहरावत ‘आप’ में लौटे हैं। वह फरवरी में स्थायी समिति के चुनाव से ठीक पहले भाजपा में चले गए थे लेकिन उनका मन ‘आप’ में ही रहा। इसलिए आज फिर से पार्षद सहरावत ‘आप’ में शामिल हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)