एजेंसी न्यूज

मानसून के पहले दिन ही दिल्ली में आफत, बीजेपी, कांग्रेस ने दिल्ली में जलभराव का ठीकरा आप पर फोड़ा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय राजधानी में भारी वर्षा के बाद जगह-जगह जलभराव हो जाने और सड़कों पर अराजक स्थिति पैदा हो जाने को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के इस्तीफे की मांग की.

मानसून के पहले दिन ही दिल्ली में आफत, बीजेपी, कांग्रेस ने दिल्ली में जलभराव का ठीकरा आप पर फोड़ा
Delhi Rains | PTI

नयी दिल्ली, 28 जून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय राजधानी में भारी वर्षा के बाद जगह-जगह जलभराव हो जाने और सड़कों पर अराजक स्थिति पैदा हो जाने को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के इस्तीफे की मांग की. ‘इंडिया’ गठबंधन में आप की सहयोगी कांग्रेस ने भी दिल्ली में उसकी (आप की) सरकार पर विफलता का आरोप लगाया. वरिष्ठ आप नेता और जल मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 228 मिलीमीटर वर्षा हुई जो जून माह में 1936 से अबतक सर्वाधिक है.

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इसका मतलब है कि दिल्ली में कुल मानसूनी बारिश (800 मिमी) का 25 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ 24 घंटे में बरसा है. इसके कारण कई इलाकों में नाले उफना गए और पानी निकलने में समय लगा.’’

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पानी की कमी के कारण दिल्ली के तीन महीने तक अराजकता झेलने के बाद अब मानसून की तैयारी में आप सरकार की विफलता दर्शाती है कि उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है.

दक्षिण दिल्ली के भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांग की कि दिल्ली सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए . उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी ‘लापरवाही, अक्षमता एवं अकार्यकुशलता के कारण’ शहर में बाढ़ आ गयी है.

सचदेवा ने आतिशी के बंगले में पानी भर जाने के बाद उनपर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों का उनपर से भरोसा उठ गया है . उन्होंने आरोप लगाया कि नालों से गाद नहीं निकाले जाने के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी में भ्रष्टाचार जिम्मेदार है और वर्षा से इसे सही साबित कर दिया है .

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अंडरपास में फंसी बस से अग्निशमन कर्मियों द्वारा एक व्यक्ति को बाहर निकाले जाने का वीडियो साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि दिल्ली सरकार की इससे बड़ी विफलता क्या हो सकती है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2024 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).