देश की खबरें | भाजपा का क्षेत्र पंचायत प्रमुख की 635 से अधिक सीट जीतने का दावा, विपक्ष ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के निर्वाचन के लिए शनिवार को संपन्न हुए मतदान के बाद मतगणना लगभग पूरी हो गई है लेकिन राज्‍य निर्वाचन आयोग की ओर से देर शाम तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

लखनऊ, 10 जुलाई उत्तर प्रदेश में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के निर्वाचन के लिए शनिवार को संपन्न हुए मतदान के बाद मतगणना लगभग पूरी हो गई है लेकिन राज्‍य निर्वाचन आयोग की ओर से देर शाम तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

इससे इतर, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख की 825 सीटों में 635 से अधिक पर भाजपा और सहयोगी दलों के जीत का दावा किया है, जबकि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भाजपा पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर क्षेत्र पंचायत प्रमुख के पदों पर कब्जा करने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश में 476 प्रमुख क्षेत्र पंचायत पदों के लिए मतदान शनिवार सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक, झड़प और छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हुआ। मतदान समाप्त होते ही वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसमें अधिकांश क्षेत्रों में परिणाम घोषित हो गये लेकिन कुछ सीटों पर मतगणना जारी है। इस संबंध में राज्‍य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि अधिकांश सीटों के परिणाम घोषित हो गये हैं लेकिन कुछ सीटों पर मतगणना चल रही है।

इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार शाम पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र पंचायत प्रमुख की 825 सीटों में भाजपा ने 735 पर अपने समर्थित प्रत्याशी उतारे थे और 14 सीटों पर सहयोगी अपना दल (एस) को मौका दिया था। इसके अलावा 76 सीटों पर भाजपा के दो-दो कार्यकर्ता सामंजस्य के आधार पर लड़ रहे थे।

योगी ने दावा किया कि अभी तक के रुझान और परिणाम के आधार पर भाजपा 635 सीटों पर सहयोगी दलों के साथ विजयी हुई है और यह संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों की 75 सीटों में 67 पर भाजपा और सहयोगी दल को जीत मिली है। मुख्यमंत्री ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग के प्रयासों की भी सराहना की।

गौरतलब है कि राज्‍य में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के निर्वाचन के लिए नामांकन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शुरू हुई, शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी और शनिवार को मतदान हुआ।

राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने शुक्रवार को बताया था कि 825 प्रमुख क्षेत्र पंचायत के पदों के लिए कुल 1,718 नामांकन प्राप्त हुए थे जिनमें 68 नामांकन रद्द होने और 187 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लिये जाने के बाद 1,710 वैध उम्मीदवार पाये गये हैं। आयुक्‍त के मुताबिक शुक्रवार को राज्‍य में 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये जबकि 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान हुआ।

मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ ने ग्राम प्रधानों, ग्राम सभा सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनावों में 85 प्रतिशत से अधिक सीटों पर भाजपा को जीत मिलने का दावा करते हुए इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं की वजह से मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के कारण हटी थी और मोदी-योगी राज में विकास के साथ सुशासन स्थापित हुआ।

इस संबंध में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में क्षेत्र पंचायत चुनावों में सरकारी मशीनरी की मदद से ब्लॉक प्रमुख पदों पर जबरन कब्जा किया जाना जनादेश का अपमान है, लोकतंत्र और संविधान में भाजपा सरकार की कोई आस्था नहीं है।’’ उन्‍होंने आरोप लगाया कि सत्ता के सहयोग से भाजपा ने अपने पक्ष में मतदान कराया।

यादव ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशियों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का खुलेआम अपहरण किया जा रहा है। चुनाव में हो रही धांधली का विरोध करने पर उत्पीड़न हो रहा है। सभी कागज पूरा होने के बाद भी मतदान से वंचित करते हुए धमकी दी गयी।

प्रदेश में पंचायत चुनाव में हिंसा की घटनाओं पर प्रदेश की सरकार को घेरते हुये बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में भी कानून का नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है। उन्होंने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘उप्र में वर्तमान भाजपा सरकार में भी कानून का नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है, जिसके तहत यहाँ पंचायत चुनाव में हुई हिंसा व लखीमपुर खीरी की एक महिला के साथ की गई बदसलूकी भी अति-शर्मनाक। क्या यही इनका कानून का राज व लोकतंत्र है? यह सोचने की बात है।’’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के संयोजक ललन कुमार ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश अभी भारी चुनावी हिंसा का गवाह बन रहा है। जगह-जगह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा अराजकता फैलाई जा रही है। महिलाओं के साथ अभद्रता की जा रही है।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि बम-बन्दूक, गोली-डंडों से लैस भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख बनाए जा रहे हैं और आश्चर्य की बात है कि पूरा का पूरा प्रशासन लोकतंत्र के कत्ल में एक बड़ी भूमिका निभा रहा है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव मंडल ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि तीन दिनों तक चले हिंसक तांडव के बाद आखिर उत्तर प्रदेश में भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख के अधिकतम पदों पर कब्जा जमा लिया। भाकपा उप्र राज्‍य इकाई के सचिव डाक्‍टर गिरीश ने जारी एक बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के आम मतदाताओं ने जिला पंचायत और बीडीसी सदस्यों के लिये हुये सीधे चुनावों में जिस भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा दिया था, भाजपा और उसकी सरकार ने मध्यकालीन बर्बरता के बल पर चुने लोगों के वोटों को हड़प जिला पंचायतों और ब्लाक कमेटियों में कब्जा जमा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\