नयी दिल्ली, 24 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर आयोजित 31 डिजिटल रैलियों में 7.18 करोड़ से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
भाजपा ने एक ट्वीट में कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान भाजपा ने डिजिटल रैलियों व अन्य कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संपर्क साधा। इस दौरान पार्टी तीन करोड़ से अधिक परिवारों तक पहुंची।
पार्टी ने दावा किया कि 22 जून तक हुई 31 रैलियों में 7.18 करोड़ से अधिक लोगों ने शिरकत की। इस दावे के मुताबिक औसतन 23 लाख लोगों ने पार्टी के इन सभी कार्यक्रमों में भागीदारी की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न राज्यों में डिजिटल रैलियों को संबोधित किया है।
नड्डा ने मंगलवार को असम जनसंवाद रैली को संबोधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने कहा था कि भाजपा की इस रैली से लगभग 33 लाख लोग जुड़े हैं। वह इन रैलियों में लगातार कह रहे है, ‘‘जब लॉक डाउन हुआ तो लोगों ने सोचा कि क्या पार्टी भी लॉक डाउन हो जाएगी। लेकिन हमने डिजिटल माध्यम का लाभ उठाया और संक्रमण काल में लोगों के बीच पहुंचे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संक्रमण कितना भी हो, हम ना तो रूकेंगे और ना ही डिगेंगे।।’’
भाजपा का कहना है कि अब तक उसके कार्यकर्ताओं ने 51.11 लाख सेनिटाइजर और 1.6 करोड़ फेस मास्क जरूरतमंदों के बीच बांटे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY