जालना, 16 अप्रैल शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में अपने बल पर शासन नहीं कर सकती और उसे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ गठबंधन करना होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साल पार्टी में विभाजन के कारण शिवसेना के वोट विभाजित हो गए थे, लेकिन मतदाताओं के भरोसे को फिर से जीता जा सकता है।
कीर्तिकर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा अपने बल पर महाराष्ट्र में शासन नहीं कर पाई और न कर पाएगी। इसे शिवसेना के साथ गठबंधन करना होगा क्योंकि सत्तारूढ़ गठबंधन (शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भाजपा) के पास प्रतिबद्ध वोट बैंक है।’’
मुंबई से सांसद कीर्तिकर ने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में कोई भी एक दल अपने बल पर शासन नहीं कर सकता, चाहे वह भाजपा हो, शिवसेना या राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) हो।
उन्होंने दावा किया, ‘‘राकांपा प्रमुख शरद पवार ने अपने बल पर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश की थी, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए।’’
शिवसेना संसदीय दल के नेता ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वह लोगों के मनोरंजन का साधन बन गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY