एजेंसी न्यूज

उत्तराखंड विधानसभा उपचुनाव: बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी 2700 से ज्यादा मतों से आगे

उत्तराखंड में बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार पार्वती दास कांग्रेस के बसंत कुमार से 2,726 मतों से आगे हैं।

उत्तराखंड विधानसभा उपचुनाव: बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी 2700 से ज्यादा मतों से आगे
Photo Credits: Twitter

देहरादून, 8 सितंबर: उत्तराखंड में बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार पार्वती दास कांग्रेस के बसंत कुमार से 2,726 मतों से आगे हैं. बागेश्वर की जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने कहा कि 13वें दौर की गिनती के अंत में भाजपा उम्मीदवार को 31,411 वोट मिल चुके हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 28,685 वोट मिले हैं. उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान 14वें दौर की गिनती जारी है. कुमाऊं मंडल में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सुरक्षित सीट पर मतदान पांच सितंबर को हुआ था जब लगभग 1.2 लाख मतदाताओं में से 55.44 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था.

इस साल अप्रैल में विधायक और कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी. उन्होंने 2007 से चार बार निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. पार्वती दास पूर्व विधायक चंदन दास की पत्नी हैं। उनके और कुमार के अलावा इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के भगवती प्रसाद, उत्तराखंड क्रांति दल के अर्जुन देव और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के भागवत कोहली भी मैदान में थे.पिछले कुछ वर्षों में इस सीट पर चुनाव में लगातार कट्टर प्रतिद्वंद्वी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखा गया है. उत्तराखंड में भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में है इसलिए इस उपचुनाव के नतीजों का सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

लेकिन राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह, समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति के गठन, जबरन धर्मांतरण और अनियमित भर्ती परीक्षाओं पर सख्त कानून बनाने तथा अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई जैसे धामी सरकार के फैसलों पर जनमत संग्रह होगा. सत्तर सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के 46, कांग्रेस के 19 जबकि बहुजन समाज पार्टी के दो और दो निर्दलीय विधायक हैं. एक सीट खाली है जिस पर उपचुनाव हुआ.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2023 03:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).