एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा ने मणिपुर को जलाया, पूरे देश में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास किया: राहुल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर मणिपुर को जलाने और देश भर में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

देश की खबरें | भाजपा ने मणिपुर को जलाया, पूरे देश में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास किया: राहुल

लोहरदगा (झारखंड), आठ नवंबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर मणिपुर को जलाने और देश भर में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की 90 प्रतिशत आबादी को उनके उचित अधिकारों और लाभों से वंचित रखा है।

लोहरदगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने मणिपुर को जला दिया और लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास किया। इसने हिंदुओं, मुस्लिमों, ईसाइयों और सिखों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काया। हाल में हुए हरियाणा चुनावों में भाजपा ने जाटों को गैर-जाटों के खिलाफ भड़काया... यही भाजपा का चरित्र है।’’

कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने ‘‘प्यार का संदेश फैलाने और ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने’ के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4,000 किलोमीटर की पदयात्रा की।’’

गांधी ने दावा किया, ‘‘जब मैं आदिवासियों, दलितों के लिए आवाज उठाता हूं तो भाजपा मुझ पर हिंदुस्तान को बांटने का आरोप लगाती है। मैं हिंदुस्तान को एकजुट करने और मजबूत करने के लिए यहां आया हूं। हिंदुस्तान की 90 प्रतिशत आबादी में आदिवासी, दलित और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) शामिल हैं और अगर मैं शासन में उनकी भागीदारी के लिए आवाज उठाने के कारण गलत हूं, तो मैं ऐसा करता रहूंगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 25 पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन वह कांग्रेस को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन के दौरान किसानों का 72,000 करोड़ रुपये का कर्जा माफ करने के लिए कोसती है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘क्या भाजपा सरकार ने झारखंड के किसानों का कोई कर्ज माफ किया...? नहीं, क्योंकि आप आदिवासी, दलित और ओबीसी हैं। भाजपा कभी आपका कर्ज माफ नहीं करेगी, क्योंकि वह पूंजीपतियों का कर्ज माफ करती है।’’

विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद यह गांधी का झारखंड का दूसरा दौरा था।

झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

सुरभि अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).