देश की खबरें | भाजपा ‘सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी’ : अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उत्तर प्रदेश में भू-माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
लखनऊ, 12 मार्च समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उत्तर प्रदेश में भू-माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा कि भाजपा शासन में भूमि हड़पने की घटनाएं बढ़ गई हैं, गरीबों को परेशान किया जा रहा है और उन्हें अपनी जमीन हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “भाजपा सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी है। सत्ता में आने के बाद से भाजपा नेता गरीबों को डरा-धमकाकर जबरन जमीन अपने नाम करवा रहे हैं।”
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अयोध्या समेत कई जिलों में भूमि पंजीकरण सरकार की भूमि नीतियों की हकीकत को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, “अब सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। भू-माफिया उनकी संपत्तियों पर कब्जा कर रहे हैं, उन पर हमला कर रहे हैं और उन्हें धमका रहे हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है।”
सपा प्रमुख ने एक घटना का हवाला दिया जिसमें अपनी जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पर कथित तौर पर हमला किया गया था।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है।
यादव ने भाजपा सरकार पर हत्या, लूट, बलात्कार और भूमि अतिक्रमण जैसे अपराधों को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है और हर जिले में सरकारी संरक्षण में भू-माफिया फल-फूल रहे हैं।’’
अयोध्या और अन्य क्षेत्रों की घटनाओं का जिक्र करते हुए यादव ने दावा किया कि सरकार समर्थित अतिक्रमण किसानों और गरीबों को उनकी जमीन से वंचित कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार खुद गरीबों और किसानों से औने-पौने दामों पर जमीन खरीद रही है और उसे अपने चहेतों को सौंप रही है।’’
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा शासन में ‘‘पूरे राज्य में अराजकता व्याप्त है’’ और प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है तथा गरीबों और असहायों की शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।
उन्होंने कहा, “भाजपा की नीतियों और शासन के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ रहा है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता के अहंकार को पूरी तरह से उखाड़ फेंकेगी।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2025 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

