देश की खबरें | भाजपा ने संगठन चुनावों के लिए के लक्ष्मण को बनाया राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संगठन चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य के लक्ष्मण को राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी नियुक्त किया।

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संगठन चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य के लक्ष्मण को राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी नियुक्त किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह घोषणा की गई।

इसके मुताबिक, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, लोकसभा सदस्य संबित पात्रा और पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा संगठन चुनावों के लिए राष्ट्रीय सह-प्रभारी होंगे।

सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने संगठन चुनावों के संचालन के लिए इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

लक्ष्मण उत्तर प्रदेश से पार्टी के राज्यसभा सदस्य और पार्टी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हैं।

भाजपा में इन दिनों सदस्यता अभियान चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरु होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 सितंबर को सदस्यता अभियान की शुरुआत की थी। चुनाव प्रक्रिया दिसंबर या अगले साल की शुरुआत में शुरू हो सकती है। वर्तमान में जे पी नड्डा पार्टी के अध्यक्ष हैं।

जून 2019 में नड्डा को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष और जनवरी 2020 में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाया गया था। इस साल फरवरी में उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया था।

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नड्डा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था और उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का नियम भी है, जिसके चलते उन्हें अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ेगा।

भाजपा के संविधान के मुताबिक कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन का चुनाव होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकता है।

भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है और उनका चुनाव आम सहमति से होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\