देश की खबरें | भाजपा ने नागपुर पुलिस को आवेदन दिया, बयान के लिए उद्धव पर कार्रवाई की मांग की

नागपुर, 11 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधिक प्रकोष्ठ ने मंगलवार को नागपुर में पुलिस को आवेदन देकर उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ बयान देने के लिए शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ठाकरे ने सोमवार को फडणवीस के गृहनगर नागपुर में कहा था कि भाजपा नेता शहर पर ‘धब्बा’ हैं, क्योंकि वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार के साथ मिल गये हैं, जबकि पहले वह कहते थे कि ऐसा कभी नहीं करेंगे।

ठाकरे ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने शरद पवार की अगुवाई वाली पार्टी से अलग हुए धड़े से हाथ मिलाकर नागपुर की जनता के साथ विश्वासघात किया है।

राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार और उनके आठ सहयोगी दो जुलाई को एकनाथ शिंदे नीत सरकार में शामिल हो गए थे, जिससे शरद पवार द्वारा स्थापित पार्टी विभाजित हो गई। अजित पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था, जबकि आठ अन्य को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।

भाजपा विधि आघाड़ी की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष परीक्षित मोहिते के नेतृत्व में उसके सदस्यों ने सीताबुलदी थाने में निरीक्षक अतुल सबनीस को आवेदन जमा किया। उनके आवेदन में ठाकरे के बयानों को निराधार और भड़काऊ बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी है।

एक पुलिस अधिकारी ने आवेदन मिलने की पुष्टि की, लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)