एजेंसी न्यूज

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से दो और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश से और दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. दिल्ली में भाजपा मुख्यालय द्वारा एक बयान में, पार्टी ने उत्तर प्रदेश से अपने उम्मीदवार के रूप में मिथिलेश कुमार और के लक्ष्मण के नामों की घोषणा की.

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से दो और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
बीजेपी (Photo Credits: Twitter)

लखनऊ, 31 मई : भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश से और दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. दिल्ली में भाजपा मुख्यालय द्वारा एक बयान में, पार्टी ने उत्तर प्रदेश से अपने उम्मीदवार के रूप में मिथिलेश कुमार और के लक्ष्मण के नामों की घोषणा की. मिथिलेश कुमार शाहजहांपुर से लोकसभा के पूर्व सदस्य हैं. वह 2009 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए थे. वह एक बार निर्दलीय (2002-2007) और फिर समाजवादी पार्टी के टिकट (2007-2012) पर शाहजहांपुर जिले के पोवायां विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं. के लक्ष्मण भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. वह भाजपा की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष भी थे. इसके साथ ही भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उप्र से आठ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने रविवार को उत्तर प्रदेश से कुल छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी.

अग्रवाल 2002 से लगातार गोरखपुर सदर सीट से विधायक चुने जाते रहे हैं लेकिन हाल में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी. भाजपा नेतृत्व ने अग्रवाल के अलावा पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई, मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह और संगीता यादव को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है. बाबूराम निषाद वर्तमान में उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष हैं. दर्शना सिंह भाजपा की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं. वहीं, संगीता यादव गोरखपुर जिले की चौरी चौरा विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं. यह भी पढ़ें: उपमुख्यमंत्री केशव बोले, समाजवाद का मतलब परिवारवाद नहीं, सबका साथ और सबका विकास होता है

उत्तर प्रदेश विधानसभा के हाल में संपन्न चुनाव में भाजपा ने 255 सीट जीती थी जबकि उसके सहयोगी अपना दल सोनेलाल को 12 तथा निषाद पार्टी को छह सीटों पर कामयाबी हासिल हुई थी. मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने 111 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को आठ तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को छह सीटें मिली थीं. उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 273 विधायकों के साथ भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपने आठ उम्मीदवारों को आसानी से राज्यसभा का चुनाव जिता सकता है. वहीं कुल 125 विधायकों वाले सपा गठबंधन के पास अपने तीन उम्मीदवारों को जिताने लायक संख्या बल है.

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए कुल 31 सदस्य चुने जाते हैं जिनमें से 11 सदस्यों का चुनाव हो रहा है. इसके लिए मतदान आगामी 10 जून को होगा. जिन 11 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है उनमें से भाजपा के पांच, सपा के तीन, बहुजन समाज पार्टी के दो तथा कांग्रेस के एक सदस्य का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है. निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 मई है. एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और तीन जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. मतदान 10 जून को पूर्वाह्न नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा. उसी दिन मतगणना भी होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2022 01:17 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).