देश की खबरें | जी-20 के मद्देनजर दिल्ली के सौंदर्यीकरण को लेकर भाजपा और आप में तकरार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली के सौंदर्यीकरण का वित्त-पोषण केंद्र ने किया है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी की आम आदमी पार्टी (आप)-नीत सरकार इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

नयी दिल्ली, 27 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली के सौंदर्यीकरण का वित्त-पोषण केंद्र ने किया है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी की आम आदमी पार्टी (आप)-नीत सरकार इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

आप ने भाजपा के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यह देखकर आश्चर्य हुआ कि दिल्ली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को भाजपा अपना बता रही है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने इस बात पर जोर दिया कि जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर शहर में जो बदलाव देखा जा रहा है, वह केंद्र सरकार द्वारा वित्त-पोषित है।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि दीवार पेंटिंग की अवधारणा भी केंद्र द्वारा पहले प्रगति मैदान सुरंग में और बाद में नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के क्षेत्र में शुरू की गई थी।

सचदेवा ने कहा कि यह अफसोसजनक है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री बेशर्मी से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली के सौंदर्यीकरण और बदलाव का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि वे जी-20 की तैयारियों के लिए दिल्ली में उनकी सरकार द्वारा किए गए सौंदर्यीकरण या विकास की एक भी परियोजना का उल्लेख करें।’’

सचदेवा ने कहा कि भाजपा जल्द ही एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करेगी और शहर में जी-20 से संबंधित विकास परियोजनाओं की पूरी सूची प्रस्तुत करेगी, जिसके लिए केंद्र सरकार ने वित्त-पोषण किया है।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे वीडियो के जरिये भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता और पदाधिकारी दिल्ली के बदलाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के योगदान को लोगों तक पहुंचाएंगे।

इस बीच, आप ने भाजपा पर ऐसे समय में गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया जब देश जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने कहा, ‘‘लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों पर सारा पैसा दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी द्वारा खर्च किया गया है और एमसीडी की सड़कों पर सारा पैसा एमसीडी द्वारा ही खर्च किया गया है। केंद्र सरकार ने केवल वहीं पैसा खर्च किया है, जहां एनडीएमसी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सड़कें हैं। इस स्तर की राजनीति से देश का भला नहीं होने वाला है। हम जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाले हैं, जहां भारत नेतृत्व कर रहा है, लेकिन भाजपा को केवल गंदी राजनीति करनी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\