BJP Attacks On China: बीजेपी का बड़ा आरोप, कहा- कांग्रेस के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहा है चीन
भाजपा ने शनिवार को एक चीनी अखबार की खबर का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि भारत के दुश्मन विपक्षी दल के कंधे पर बंदूक रखकर देश पर हमले कर रहे हैं।
नई दिल्ली: भाजपा ने शनिवार को एक चीनी अखबार की खबर का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि भारत के दुश्मन विपक्षी दल के कंधे पर बंदूक रखकर देश पर हमले कर रहे हैं. भाजपा ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए इसे ‘‘भारत विरोधी’’ रुख का सटीक उदाहरण बताया और आरोप लगाया कि गांधी परिवार को चीन और उसके राष्ट्रपति शी जिनपिंग का समर्थन हासिल है.
भाजपा के इस आरोप पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि चीन ने हमारे सीमा क्षेत्र में ‘‘घुसपैठ’’ करने का दुस्साहस किया है लेकिन सत्ताधारी दल सवाल पूछने वालों पर ही सवाल उठा रहा है. टवीट कर कहा, ‘‘देश से विश्वासघात बंद करो।’’
चीनी दैनिक ग्लोबल टाइम्स ने इससे पहले ट्वीट किया, ‘‘चीन के साथ सीमा पर तनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बहुत दबाव का सामना कर रहे हैं क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भाजपा सरकार को घरेलू मोर्चे पर विफलता और जोखिम भरी विदेश नीति के मुद्दों पर कटु आलोचना कर हिलाने के मौके का इंतजार कर रही हैं: विशेषज्ञ.
पात्रा ने कहा कि चीन द्वारा नियंत्रित इस अखबार की यह रिपोर्ट भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) का उल्लंघन करने के चीन के प्रयासों को असफल किए जाने के बाद चीन की खीझ के रूप में सामने आई है। उन्होंने कहा कि इससे यह भी पता चलता है कि चीन कांग्रेस को अपना एजेंडा चलाने वाली पार्टी के रूप में देख्रता है.
उन्होंने कहा, ‘‘ये ट्वीट कोई मामूली नहीं है। चीन और कांग्रेस में जो इश्क हुआ है वह छुपाए नहीं छिपने वाला है. भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि इसका संबंध उस समझौता ज्ञापन से है जो 2008 में कांग्रेस ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से किया था। उन्होंने कहा कि यह दोनों दलों के निकट संबंधों को दर्शाता है. उन्होंने कहा, ‘‘चीन बाहर से भारत में आक्रमण करने की कोशिश कर रहा है, जिसे हम नाकाम करते रहे हैं। लेकिन भारत के अंदर से देश की सरकार को हिलाने और गिराने की साजिश चीन की साथी कांग्रेस पार्टी कर रही है.
पात्रा ने पूछा, ‘‘पाकिस्तान हो, आतंकवादी हों या चीन हो, सब कांग्रेस को क्यों पसंद करते हैं?’’
उन्होंने कहा कि भारत ने जब जम्मू और कश्मीर से धारा 370 को निरस्त किया तब राहुल गांधी का इस संबंध में दिए गए एक बयान को पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के खिलाफ सबूत के रूप में पेश किया था. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी को मुबारकबाद देना चाहता हूं आज। पहले आप पाकिस्तान के हीरो थे। अब आप चीन के भी हीरो हो गए हैं। लेकिन भारत में आज आप भी जीरो ही हो। आप हमारे दुश्मनों के लिए हीरो हो। चीन कहीं न कहीं पीछे हटा हुआ और वह आज कांग्रेस के कंधे पर रखकर भारत पर बंदूक चला रहा है।...यह भारत विरोधी रुख का क्लासिक उदाहरण है.
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चीन का नाम लेने तक से घबराते हैं और भाजपा के लोग कांग्रेस को ज्ञान बांट रहे हैं/ उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘मोदी जी चीन का नाम लेने से घबराते हैं और भाजपाई हमें ज्ञान बांटने आते हैं। लाल आंख दिखाने का वादा कर वोट जुटाते हैं, सत्ता में आ चीन पर आंख मूंद सो जाते है। चीनी दुस्साहस कर हमारी जमीं पर क़ब्ज़ा करने आते हैं, पर वे सवाल पूछने वालों पर सवाल उठाते हैं. कांग्रेस पर हमले के लिए भाजपा प्रवक्ता पात्रा ने डोकलाम संकट के दौरान राहुल गांधी और चीनी राजदूत के बीच हुई मुलाकात का उदाहरण दिया और चीनी दूतावास द्वारा राजीव गांधी फाउंडेशन को कथित तौर पर दी गई दानराशि का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ताजा संकट के दौरान प्रधानमंत्री के बारे में कहा था वह चीन से ‘‘डरे’’ हुए हैं और उन्होंने उसके समक्ष ‘‘सरेंडर (समर्पण)’’ कर दिया हैं। पात्रा ने कहा कि अब दुश्मन देश राहुल गांधी के बयान का इस्तेमाल भारत को निशाना बनाने के लिए कर रहा है. कांग्रेस नेताओं का मजाक उडाते हुए पात्रा ने कहा, ‘‘शी जिनपिंग का नाम अब सोनिया शीन और राहुल पिंग जैसा सुनाई देता है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2020 11:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

