भुवनेश्वर, 21 सितंबर ओडिशा के सत्तारूढ़ दल बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने जन विरोधी गतिविधियों के आरोप में समाचारपत्र ‘संबाद’ के मालिक-संपादक सौम्य रंजन पटनायक सहित दो विधायकों को बृहस्पतिवार को निष्कासित कर दिया।
पटनायक ने यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘ रेमुना से सुधांशु शेखर परीडा और खंडपाड़ा से सौम्य रंजन पटनायक को बीजद से निष्कासित किया गया है।’’
सौम्य रंजन पटनायक को इससे पहले 12 सितंबर को पार्टी के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। ओडिया दैनिक संबाद के संपादक के तौर पर उन्होंने अपनी ही पार्टी पर निशाना साधने हुए दो संपादकीय लिखे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के निजी सचिव वीके पांडियन की आलोचना की थी..।
ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने सौम्य रंजन पटनायक के खिलाफ धोखाधड़ी तथा फर्जीवाड़े सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया था,जिसके बाद यह नई कार्रवाई की गई है।
बीजद ने मुख्यमंत्री के हस्तक्षार वाले एक बयान में कहा, ‘‘यह संगठित तरीके से बैंक धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला है, जिसमें संबाद के 300 से अधिक कर्मचारियों के नाम पर फर्जी तरीकों और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके करोड़ों रुपये का ऋण लिया गया।’’
बीजद ने बयान में कहा कि इसी प्रकार विधायक सुधांशु शेखर परीडा पर किसानों को दी गई तीन करोड़ रुपये की सरकारी रियायत में हेराफेरी करने का आरोप है। लोकायुक्त के आदेश के बाद राज्य सतर्कता विभाग मामले की जांच कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY