देश की खबरें | बिट्टू ने मान पर धोखेबाज एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहने का आरोप लगाया

चंडीगढ़, 15 फरवरी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शनिवार को अमेरिका से निर्वासित लोगों के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की टिप्पणियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मान धोखेबाज एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहे हैं और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों की उपेक्षा की है।

इस बीच, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अमेरिका से निर्वासित लोगों के दूसरे जत्थे को लेकर आ रहा विमान अमृतसर में उतर गया है।

मान ने शनिवार को अमृतसर हवाई अड्डे पर अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर आने वाले अमेरिकी विमानों के उतरने के मुद्दे को लेकर केंद्र पर हमला बोला और सरकार से इस शहर को ‘निर्वासन केंद्र’ न बनाने को कहा।

बिट्टू ने पूछा, “अगर कोई विमान पंजाब में उतरता है, तो इससे हमारे राज्य की बदनामी कैसे हो सकती है?”

उन्होंने कहा कि मान धोखेबाज एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहे हैं और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों की उपेक्षा की है।

वहीं अमेरिका से दूसरे जत्थे में निर्वासित किए जा रहे प्रवासियों के परिवार के सदस्य सदमे में हैं और उनमें से कई लोगों का कहना है कि उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की खातिर विदेश भेजने के लिए खेत और अपने जानवर तक गिरवी रखकर पैसे जुटाए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)