देश की खबरें | ओडिशा के पुरी जिले में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया, 6700 पक्षियों को मारा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के पुरी जिले के एक कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने आपातकालीन रोकथाम उपाय के तहत 6,700 से अधिक पक्षियों को सामूहिक रूप से मारने की कार्रवाई की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, 13 जुलाई ओडिशा के पुरी जिले के एक कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने आपातकालीन रोकथाम उपाय के तहत 6,700 से अधिक पक्षियों को सामूहिक रूप से मारने की कार्रवाई की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने पक्षियों को बड़े पैमाने पर मारने का फैसला जिले के देलंगा ब्लॉक के बड़ा अंकुला गांव से एकत्र किए गए नमूनों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस मिलने की पुष्टि राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (एनआईएचएसएडी), भोपाल द्वारा किये जाने के बाद लिया।
उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए शनिवार और रविवार को 6,700 से अधिक पक्षियों को मारा गया।
पुरी के मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी (सीडीवीओ) शरत कुमार बेहरा ने बताया कि जिस क्षेत्र में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं, वहां स्वास्थ्य टीम के साथ पांच त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने संक्रमित क्षेत्र के अंदर और बाहर जीवित पक्षियों की आवाजाही को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है।’’
बेहेरा ने बताया कि गांव के एक किलोमीटर के दायरे में पक्षियों को मारने का काम पूरा करने के बाद, वायरस की जांच के लिए अन्य पांच गांवों से नमूने एकत्र किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि पिछले सप्ताह गांव में कुक्कुटों की असामान्य मौत हुई थी, लेकिन आधिकारिक तौर पर संक्रमण की पुष्टि नौ जुलाई को एकत्र नमूने से हुई।
इस बीच, ओडिशा के मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने वायरस के प्रसार को रोकने और एहतियाती कदम की समीक्षा के लिए प्रभावित इलाके का दौरा किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

