जरुरी जानकारी | जीएसटी दर युक्तिसंगत बनाने वाले मंत्री समूह के संयोजक बने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जीएसटी दर युक्तिसंगत बनाने के लिए गठित मंत्री समूह (जीओएम) का संयोजक बनाया गया है।

नयी दिल्ली, 21 जून बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जीएसटी दर युक्तिसंगत बनाने के लिए गठित मंत्री समूह (जीओएम) का संयोजक बनाया गया है।

जीएसटी परिषद सचिवालय की वेबसाइट पर जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार पुनर्गठित मंत्री समूह के अन्य सदस्यों में उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, गोवा के परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो, राजस्थान के चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा मंत्री गजेंद्र सिंह शामिल हैं।

जीओएम में पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा और केरल के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल भी शामिल हैं।

सात सदस्यीय जीओएम को आवश्यक दर युक्तिसंगत बनाने और उल्टा शुल्क ढांचा यानी कच्चे माल के मुकाबले तैयार माल पर अधिक शुल्क में सुधार का सुझाव देना है। मंत्री समूह का मकसद दर संरचना को सरल बनाना, जीएसटी छूट सूची की समीक्षा करना और जीएसटी राजस्व बढ़ाना है।

यह दूसरी बार है, जब जीएसटी दर युक्तिसंगत बनाने वाली समिति का पुनर्गठन किया गया है।

जीओएम की स्थापना सितंबर 2021 में कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की अगुवाई में की गई थी। उनकी अध्यक्षता में पैनल ने जून 2022 में जीएसटी परिषद को एक अंतरिम रिपोर्ट सौंपी थी।

पिछले साल मई में विधानसभा चुनावों के बाद कर्नाटक में सरकार बदलने के चलते बायरे गौड़ा राजस्व मंत्री बने। इसके बाद पिछले साल अक्टूबर में दर को युक्तिसंगत बनाने वाली समिति का पुनर्गठन किया गया और उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री खन्ना को संयोजक बनाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\