देश की खबरें | बिहार विधानसभा ने ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण, पुनर्विकास के लिए विधेयक पारित किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्य विधानसभा ने ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त करते हुए बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 मंगलवार को पारित कर दिया। यह मंदिर सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में देवी सीता के जन्मस्थान पर स्थित है।
पटना, 22 जुलाई राज्य विधानसभा ने ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त करते हुए बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 मंगलवार को पारित कर दिया। यह मंदिर सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में देवी सीता के जन्मस्थान पर स्थित है।
राज्य के विधि मंत्री मंगल पांडेय ने विधेयक प्रस्तुत किया और इसे बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विपक्ष द्वारा चर्चा की मांग को लेकर किए गए हंगामे के बीच ध्वनिमत से पारित किया गया।
विधेयक के कानून बनने बाद मौजूदा मंदिर न्यास भंग हो जाएगा और मंदिर के विकास तथा प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा गठित एक नई समिति को सौंप दी जाएगी।
राज्य सरकार ने पुनौरा धाम स्थित मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय न्याय का हाल में गठन किया है। मंदिर के वर्तमान महंत को भी इस नई समिति में शामिल किया गया है।
इसके अलावा, राज्य सरकार ने पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के समग्र विकास के लिए हाल में 882 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दी है। इसमें से लगभग 137 करोड़ रुपये पुराने पुनौरा धाम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार पर और 728 करोड़ रुपये मंदिर के आसपास पर्यटक आधारभूत संरचना के विकास पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि आधारभूत ढांचे के रखरखाव पर आगामी दस वर्षों में खर्च की जाएगी।
विधेयक में कहा गया है कि ‘‘समग्र विकास अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर किया जाएगा।’’
बिहार कैबिनेट ने हाल में नोएडा स्थित निजी कंपनी — एम/एस डिज़ाइन एसोसिएट्स इंक. -को ‘पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के विकास के लिए ‘डिज़ाइन सलाहकार’ के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है।
सीतामढ़ी जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित पुनौरा धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
विधानसभा ने इसके अलावा बिहार वस्तु एवं सेवा कर (प्रथम संशोधन) विधेयक-2025, बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक 2025, बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त (संशोधन) विधेयक 2025 को भी पारित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2025 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

