देश की खबरें | बिहार: कांग्रेस की राज्यव्यापी यात्रा में खरगे, राहुल गांधी की मौजूदगी दिखेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इस महीने के अंत में शुरू होने वाली राज्यव्यापी यात्रा के तहत बिहार का दौरा करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पटना, 12 दिसंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इस महीने के अंत में शुरू होने वाली राज्यव्यापी यात्रा के तहत बिहार का दौरा करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (बीपीसीसी) प्रमुख नियुक्त किये जाने के बाद राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा कि खरगे ने बांका में रैली को संबोधित करने का न्योता स्वीकार कर लिया है, जहां से 28 दिसंबर को राज्यव्यापी यात्रा की शुरूआत होगी।
सिंह ने कहा, ‘‘यात्रा के पटना पहुंचने पर एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसे सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी वाद्रा संबोधित करेंगी। हालांकि, यह उनके उपलब्ध रहने पर निर्भर करेगा।’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निश्चित रूप से गया की जनसभा में मौजूद रहेंगे, जहां यात्रा के संपन्न होने का कार्यक्रम है।
उल्लेखनीय है कि उस वक्त भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भारत जोड़ो यात्रा पर होंगे।
हालांकि, भारत जोड़ो यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 3,500 किमी लंबी पदयात्रा 21 जनवरी को पठानकोट (जम्मू कश्मीर) में संपन्न होगी। वहीं, मीडिया के एक वर्ग की खबरों अनुसार यह गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में संपन्न होगी।
बिहार में यात्रा 1,000 किमी से अधिक दूरी तय करेगी और यह राज्य के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी।
कांग्रेस की बिहार इकाई के नये प्रमुख ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी नीतीश कुमार नीत सरकार के मंत्रिमंडल में सिर्फ एक पद मिलने से संतुष्ट नहीं है तथा वह और भी मंत्री पद के लिए शीघ्र ही दबाव बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ महागठबंधन में एक ‘‘समन्वय समिति’’ बनाने की भी जरूरत है और दावा किया कि ‘‘यदि हम कुढ़नी विधानसभा सीट पर उपचुनाव नहीं हारते तो सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय रहता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम समन्वय समिति की मांग करते हैं तो हम बिहार में महागठबंधन के नेता के रूप में मुख्यमंत्री (नीतीश) के विवेक को चुनौती नहीं दे रहे होते हैं। हम सिर्फ उनकी उस पहल की ओर इशारा कर रहे हैं, जो उन्होंने 2015 में महागठबंधन बनने के बाद की थी और वह राजद तथा कांग्रेस के जिला स्तरीय पदाधिकारियों तक से मिला करते थे।’’
अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त मिलने की स्थिति में जनता दल(यूनाइटेड) के द्वारा नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बार-बार दबाव बनाये जाने के बारे में पूछे गये एक प्रश्न का सिंह ने जवाब नहीं दिया। वह इस विवाद में नहीं पड़े कि कांग्रेस इस शीर्ष पद के लिए राहुल के अलावा किसी अन्य को स्वीकार करेगी, या नहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2022 06:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

