जरुरी जानकारी | बिहार सरकार ने छह नए हवाई अड्डों के लिए व्यवहार्यता-पूर्व अध्ययन को मंजूरी दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बिहार मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को छह शहरों में नए हवाई अड्डे बनाने के लिए व्यवहार्यता-पूर्व अध्ययन को मंजूरी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पटना, 25 अप्रैल बिहार मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को छह शहरों में नए हवाई अड्डे बनाने के लिए व्यवहार्यता-पूर्व अध्ययन को मंजूरी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकिनगर, भागलपुर और सहरसा में नए हवाई अड्डों के निर्माण के बारे में अध्ययन करेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (कैबिनेट सचिवालय) एस सिद्धार्थ ने कहा, ''राज्य मंत्रिमंडल के इस फैसले से इन छह शहरों में हवाई अड्डों के निर्माण का रास्ता साफ होगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए सफर आसान होगा और साथ ही क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।''

उन्होंने कहा, ''अध्ययन में यात्रियों की अपेक्षित संख्या, रनवे की लंबाई और विमान के प्रकार जैसे कारकों को शामिल किया जाएगा।''

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सीतामढ़ी जिले में पुनौरा धाम जानकी मंदिर के विकास के लिए एक डिजाइन सलाहकार की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई। इस स्थान को मां सीता का जन्मस्थान माना जाता है।

सिद्धार्थ ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने इस मंदिर के समग्र विकास के लिए पहले ही 120 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सब्सिडी के तहत एनटीपीसी को 15,995 करोड़ रुपये का भुगतान करने के ऊर्जा विभाग के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

इसके अलावा मंत्रिमंडल ने 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025' के आयोजन के लिए 119 करोड़ रुपये के व्यय को मंजूरी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now