खेल की खबरें | बिहार के मुख्यमंत्री ने सेपक टाकरा वर्ल्ड कप के ‘‘लोगो’’ का अनावरण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में आयोजित होने वाले सेपक टाकरा वर्ल्ड कप-2025 के ‘लोगो’ एवं शुभंकर का बुधवार को अनावरण किया।
पटना, 26 फरवरी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में आयोजित होने वाले सेपक टाकरा वर्ल्ड कप-2025 के ‘लोगो’ एवं शुभंकर का बुधवार को अनावरण किया।
पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस वर्ल्ड कप के ‘‘लोगो’’ एवं शुभंकर का अनावरण किया।
एक बयान में कहा गया कि सेपक टाकरा वर्ल्ड कप-2025 का ‘‘लोगो’’ बिहार की संस्कृति, खेल भावना और भविष्य की ऊर्जा को एक साथ समेटे हुए है। इस खेल का ‘‘शुभंकर’’ बिहार की ताकत और गौरव का प्रतीक है।
बिहार पहली बार सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी करने जा रहा है।
सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन 20 से 25 मार्च 2025 तक पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में आयोजित किया जाएगा जिसमें 25 से अधिक देशों के खिलाडी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञातव्य है कि सेपक टाकरा खेल मलेशिया का राष्ट्रीय खेल है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 38वें राष्ट्रीय खेल में बिहार के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस साल, 38वां राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड में आयोजित किया गया था जिसमें बिहार ने विभिन्न खेल विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक, 6 रजत पदक तथा 5 कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक अपने नाम किए जो राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बिहार के खिलाड़ियों ने लॉन बॉल्स में स्वर्ण पदक और तीरंदाजी, वुशू, तलवारबाजी, योगा एवं रग्बी में रजत पदक तथा वुशू, लॉन बॉल्स, तलवारबाजी एवं मॉर्डन पेंटाथलॉन में कांस्य पदक जीता।
कार्यक्रम के दौरान सेपक टाकरा गेम्स एवं ‘खेलो इंडिया यूथ’ पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)