देश की खबरें | बिहार: प्रशासनिक फेरबदल के तहत पटना जिलाधिकारी समेत 45 आईएएस अधिकारियों का तबादला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार सरकार ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को कई जिलाधिकारियों (डीएम) समेत 45 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया।

पटना, 31 मई बिहार सरकार ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को कई जिलाधिकारियों (डीएम) समेत 45 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया।

इस फेरबदल में, बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 31 अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा, राज्य सरकार ने महादलित आयोग और अनुसूचित जाति आयोग में नयी नियुक्तियां कीं।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी एवं पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह को पटना प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया।

साल 2011 बैच के अधिकारी एवं गयाजी के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

पटना प्रमंडल के पूर्व आयुक्त मयंक वरवड़े को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का राज्य परियोजना निदेशक बनाया गया है।

दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन को सारण प्रमंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया। अवनीश कुमार सिंह को मुंगेर प्रमंडल और राज कुमार को तिरहुत प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।

राज्य सरकार ने विश्वनाथ ऋषि को महादलित आयोग का अध्यक्ष जबकि देवेंद्र कुमार को अनुसूचित जाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

अनुसूचित जाति आयोग के नये सदस्य ललन राम, रूबल रविदास और संजय कुमार हैं। वहीं, राम नरेश कुमार और ईश्वर रजक को महादलित आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now