6 जुलाई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.पिता के जनाजे में दिखे खमेनेई के तीन बेटे, लेकिन मोजतबा रहे नदारद

नेमार ने ब्राजील को कहा अलविदा, नॉर्वे से हार के बाद खत्म हुआ सफर

रूस का कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, कई की मौत

रूस का कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, कई की मौत

रूस ने सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 46 लोग घायल हो गए. कीव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि शहर के ऐतिहासिक पोडिलस्की जिले में एक रिहायशी इमारत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.

चीन में रूसी सैनिकों को दी जा रही ट्रेनिंग पर जर्मनी ने चीनी राजदूत को किया तलब

कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको के अनुसार, पोडिलस्की जिले में एक आवासीय भवन आंशिक रूप से ढह गया, जबकि डारनित्सिया जिले की कई बहुमंजिला इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है. राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहे हैं. अधिकारियों ने कहा कि हमले का निशाना आम नागरिकों के घर बने, जहां लोग सामान्य जीवन जी रहे थे.

खत्म हो सकती है यूक्रेन के साथ रूस की जंग: पुतिन

वहीं, कीव के निकट स्थित बुचा शहर में रूसी हमलों के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हुए. यह हमला पिछले सप्ताह कीव पर हुए बड़े रूसी हमले के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें कम से कम 30 लोगों की जान गई थी. रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद दोनों देशों के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है.

नेमार ने ब्राजील को कहा अलविदा, नॉर्वे से हार के बाद खत्म हुआ सफर

ब्राजील के मशहूर फुटबॉलर नेमार ने ब्राजील फुटबॉल टीम से अपने संन्यास का एलान किया. रविवार को फीफा विश्व कप 2026के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में ब्राजील को नॉर्वे के खिलाफ 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था. जिसके बाद ही उन्होंने अपने करियर को विराम देने की घोषणा की. 34 वर्षीय स्टार फॉरवर्ड नेमार मीडिया इंटरव्यू के दौरान भावुक हो गए. मैच के बाद टीवी ग्लोबो से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैंने कोशिश की, मैंने पूरी कोशिश की. अब सब खत्म हो गया. मैंने यहां से शुरुआत की थी और यहीं पर इसे खत्म कर रहा हूं."

फुटबॉल के खुमार के लिए वर्ल्ड कप और फीफा कितने जरूरी

मुकाबले के दौरान स्टॉपेज टाइम में नेमार ने पेनल्टी पर गोल कर ब्राजील के लिए एकमात्र गोल किया. लेकिन उनकी यह कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी. नॉर्वे की ओर से एरलिंग हालांड ने दो गोल कर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई और क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया. यह मैच न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला गया. इसी मैदान पर नेमार ने 10 अप्रैल 2010 को अमेरिका के खिलाफ डेब्यू किया था. अब 16 साल बाद उनका अंतरराष्ट्रीय सफर भी इसी मैदान पर खत्म हुआ.

चोट के चलते इस बार नेमार विश्व कप में ब्राजील के पांच में से सिर्फ दो मैच ही खेल सके. उन्होंने ग्रुप चरण में स्कॉटलैंड के खिलाफ 15 मिनट खेला. इसके बाद नॉर्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 मुकाबले में मैदान पर उतरे.

फुटबॉल में कैसे फुस्स हुई दिग्गज जर्मन टीम

अगर नेमार दोबारा ब्राजील के लिए आगे नहीं खेलते हैं, तो वह 80 गोल के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करेंगे. वह ब्राजील के इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने पेले के 77 गोल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया. वहीं ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा 142 मैच खेलने का रिकॉर्ड काफू के नाम है. नेमार ने 130 मैच खेले और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं.

भारी बारिश का कहर: मुंबई-पुणे मार्ग ठप, एक्सप्रेसवे और पुराना हाईवे बंद

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और रिटेनिंग वॉल को नुकसान पहुंचने के बाद यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया. पुलिस के अनुसार एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक (कनेक्टिंग लिंक) सेक्शन में पहले सुरंग के पास भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पर खतरा पैदा हो गया. इसके अलावा कई स्थानों पर जलभराव की भी सूचना मिली है.

पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर एक पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते इस मार्ग को भी बंद करना पड़ा. अधिकारियों ने स्टेट हाईवे के दोनों दिशाओं मुंबई से पुणे और पुणे से मुंबई के यातायात को अगले आदेश तक रोक दिया है. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें.

भारी बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है. रायगढ़ जिले में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच हुए भूस्खलन के कारण 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं या उन्हें बीच रास्ते से संचालित किया जा रहा है. अधिकारियों ने कहा है कि मौसम में सुधार और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही सड़क और रेल सेवाओं को सामान्य किया जाएगा.

पिता के जनाजे में दिखे खमेनेई के तीन बेटे, लेकिन मोजतबा रहे नदारद

ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातोल्लाह अली खमेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के अंतिम संस्कार में रविवार को भारी संख्या में लोग शामिल हुए. तेहरान के इमाम खोमैनी ग्रैंड मोसल्ला परिसर में खमेनेई के तीन बेटे मुस्तफा, मैसम और मसूद अपने पिता के ताबूत के पास नमाज अदा करते दिखाई दिए. हालांकि नए सर्वोच्च नेता और खामेनेई के उत्तराधिकारी मोजतबा खमेनेई समारोह में नजर नहीं आए, जिससे उनकी सेहत को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं.

युद्धविराम पर बढ़ा संकट, अमेरिका-ईरान के बीच फिर हमले

रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका और इस्राएल के हमलों में खामेनेई की मौत के दौरान मोजतबा भी घायल हुए थे. उनके करीबी सूत्रों का दावा है कि उनके चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. अंतिम संस्कार में पहुंचे कई श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई थी कि मोजतबा सार्वजनिक रूप से दिखाई देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इस बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर खालीबाफ ने भी अंतिम प्रार्थना में हिस्सा लिया.

ईरान सरकार ने खमेनेई की विदाई को एक सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रीय शोक कार्यक्रम का रूप दिया है. तेहरान के बाद उनके पार्थिव शरीर को कोम, इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला तथा फिर मशहद ले जाया जाएगा. अधिकारियों का दावा है कि लाखों लोगों को इन जुलूसों में शामिल करने की तैयारी की गई है. सरकार इसे इस्लामिक गणराज्य के प्रति जनसमर्थन और हालिया युद्ध के बाद राष्ट्रीय एकता के प्रदर्शन के रूप में पेश कर रही है.