बाइडन का सऊदी अरब की यात्रा पर जाना उस देश को लेकर उनके रुख में नाटकीय बदलाव को दर्शाता है। बाइडन ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपनी प्रचार मुहिम के दौरान सऊदी अरब को ‘‘परित्यक्त’’ बनाने का संकल्प लिया था।
बाइडन 13 से 16 जुलाई तक पश्चिम एशिया की अपनी पहली यात्रा के दौरान इजराइल, वेस्ट बैंक और सऊदी अरब जाएंगे। बाइडन मानवाधिकारों को लेकर सऊदी अरब के खिलाफ रहे अपने पहले के रुख को बदलते प्रतीत हो रहे हैं। वह ऐसे समय में उसके साथ अपने संबंधों में बदलाव करना चाहते हैं, जब देश-दुनिया में ईंधन के दाम की बढ़ती कीमतों की समस्या से अमेरिका तेल समृद्ध सऊदी अरब की मदद से निपट सकता है।
वह इस दौरान सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से भी वार्ता करेंगे।
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका के पत्रकार जमाल खशोगी की 2018 में हत्या किए जाने का आदेश संभवत: प्रिंस सलमान ने दिया था।
बाइडन ने एक श्रमिक सम्मेलन के लिए मंगलवार को फिलाडेल्फिया रवाना होने से पहले पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत के दौरान जेद्दाह की उनकी आगामी यात्रा के बारे में पूछे जाने पर रक्षात्मक रुख अपनाते हुए गुस्से से कहा कि उनकी टीम ने बयान में वह सब बता दिया है, जो ‘‘मैं पश्चिम एशिया में करूंगा।’’
मानवाधिकार समर्थकों और डेमोक्रेटिक पार्टी के कुछ नेताओं ने बाइडन को सऊदी अरब की यात्रा नहीं करने को कहा है कि मानवाधिकार को लेकर उसकी प्रतिबद्धताएं हासिल किए बिना यात्रा करने से सऊदी नेताओं को संदेश जाएगा कि मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन करने पर भी उसे कोई परिणाम नहीं भुगतना पड़ेगा।
इस बीच, वाशिंगटन स्थित सऊदी दूतावास ने बताया कि बाइडन शाह सलमान और प्रिंस मोहम्मद दोनों से मुलाकात करेंगे। उसने बताया कि बाइडन दोनों देशों के बीच ‘‘ऐतिहासिक द्विपक्षीय संबंधों और विशिष्ट रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने लिए’’ शाह के निमंत्रण पर सऊदी अरब जा रहे हैं।
सऊदी अरब ने एक बयान में कहा, ‘‘सऊदी अरब राष्ट्रपति बाइडन का स्वागत करने और हमारी साझेदारी का अगला अध्याय निर्धारित करने के लिए उत्सुक है।’’
बाइडन पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा के दौरान सबसे पहले इजराइल जाएंगे और इजइराली प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह वेस्ट बैंक में महमूद अब्बास समेत फलस्तीनी नेताओ से मुलाकात करेंगे। यात्रा के अंत में वह जेद्दाह जाएंगे।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY