चंडीगढ़, 15 जुलाई कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने खिलाफ कथित अपमानजक बयान को लेकर भाजपा नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है।
हुड्डा के दो वकीलों के माध्यम से नोटिस दिया गया। इसमें आरोप लगाया गया कि अर्जुन सिंह ने आठ जुलाई को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में मीडिया से बातचीत के दौरान हुड्डा के खिलाफ ‘‘अपमानजनक, झूठी और दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी’’ की।
नोटिस में कहा गया है कि यदि पूर्व सांसद कानूनी मामले से बचना चाहते हैं तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
इसमें कहा गया, ‘‘आपके निराधार आरोप एक अत्यंत सम्मानित सार्वजनिक हस्ती की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास हैं, जिसने दशकों की समर्पित सार्वजनिक सेवा और अटूट सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से लोगों का - विशेष रूप से हरियाणा में - स्थायी विश्वास और प्रशंसा अर्जित की है।’’
हुड्डा हरियाणा के दो बार मुख्यमंत्री, रोहतक से चार बार संसद सदस्य और हरियाणा विधानसभा के छह बार सदस्य (वर्तमान में विधायक के रूप में सेवारत) रह चुके हैं।
उन्होंने सिंह से सभी सोशल मीडिया मंचों, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से अपना बयान वापस लेने और माफी मांगने की मांग की।
नोटिस में कहा गया, ‘‘यदि आप निर्धारित समय (7 दिन) के भीतर मांगों का पालन करने में विफल रहते हैं, तो मेरे मुवक्किल को आपके खिलाफ मानहानि और सभी संबंधित अपराधों के लिए उचित आपराधिक एवं दीवानी कार्यवाही शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY