खेल की खबरें | भारत प्रो लीग हॉकी में गोल खारिज होने से अर्जेंटीना से हारा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत का आखिरी मिनटों में पेनल्टी पर किया गया गोल नाटकीय परिस्थितियों में खारिज कर दिया गया और फिर जुगराज सिंह गोल करने में विफल रहे जिससे टीम को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
एम्सटेलवीन (नीदरलैंड), 12 जून भारत का आखिरी मिनटों में पेनल्टी पर किया गया गोल नाटकीय परिस्थितियों में खारिज कर दिया गया और फिर जुगराज सिंह गोल करने में विफल रहे जिससे टीम को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम की इस दौरे पर यह चार मैचों में चौथी हार है।
ड्रैग फ्लिकर जुगराज ने चौथे मिनट में ही मैच के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को बढ़त दिलाई लेकिन टॉमस डोमेने (नौवें और 49वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल करके अर्जेंटीना को जीत दिला दी।
चौथे और अंतिम क्वार्टर में 1-2 से पिछड़ने के बाद भारत को अंतिम हूटर से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला और जुगराज ने गेंद को अर्जेंटीना के गोल पोस्ट के अंदर डाल दिया। अर्जेंटीना ने इस आधार पर वीडियो रेफरल मांगा कि स्ट्रोक लेते समय जुगराज का बायां पैर गेंद से काफी आगे था।
वीडियो अंपायर ने अर्जेंटीना के पक्ष में फैसला सुनाया लेकिन भारत की अगुवाई कर रहे कप्तान हार्दिक सिंह ने रेफरी से यह जांचने के लिए कहा कि क्या जुगराज के स्ट्रोक लेने से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैंटियागो गोल-लाइन से आगे थे।
इस बार भारत को वीडियो अंपायर से अनुकूल फैसला मिला। जुगराज को स्ट्रोक फिर से लेने की अनुमति दी गई, लेकिन इस बार सैंटियागो ने उनके शॉट को बचा लिया।
नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह उंगली की चोट के कारण बाहर है ऐसे में हार्दिक ने भारत की अगुआई की।
अर्जेंटीना को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ तीन मिले।
भारत को इससे पहले बुधवार को इसी प्रतिद्वंद्वी से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारत प्रो लीग के इस यूरोपीय चरण के दौरान ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 1-2 और 2-3 से हार गया था।
यह भारत का यहां चौथा और आखिरी मैच था और अब वे शनिवार को मजबूत ऑस्ट्रेलिया का सामना करने के लिए बेल्जियम के एंटवर्प की यात्रा करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2025 09:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

