देश की खबरें | भारत मंडपम और यशोभूमि से व्यापार, रोजगार को बढ़ावा मिलेगा: गोयल

नयी दिल्ली, 17 सितंबर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि दो विश्व स्तरीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र - प्रगति मैदान में भारत मंडपम और द्वारका में यशोभूमि - व्यापार, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को द्वारका में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर ‘यशोभूमि’ के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित किया, जबकि आईटीपीओ के भारत मंडपम का उद्घाटन 26 जुलाई को किया गया।

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) वाणिज्य मंत्रालय की एक शाखा है।

गोयल ने कहा, ‘‘भारत मंडपम और यशोभूमि व्यापार, उद्योग, निर्यात और रोजगार को बढ़ावा देंगे। यशोभूमि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र, किसानों और कारीगरों को बढ़ावा देगी और उनके लिए नए अवसर और बाजार उपलब्ध कराएगी।’’

उन्होंने कहा कि कानूनों को सरल बनाने, स्टार्टअप को समर्थन देने और व्यापार बढ़ाने जैसे कदमों से देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

पीएम विश्वकर्मा योजना पर गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारीगरों की कड़ी मेहनत को पहचाना है और यह योजना उन्हें सम्मान और मजबूती देगी।

मोदी ने पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के लिए 13,000 करोड़ रुपये की पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की और द्वारका में अत्याधुनिक ‘इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (आईआईसीसी) 'यशोभूमि' के 5,400 करोड़ रुपये की लागत वाले पहले चरण का उद्घाटन किया।

विश्वकर्मा योजना का लक्ष्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों की ओर से मुहैया कराई जा रहीं सेवाओं और उत्पादों की गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ ही उनकी पहुंच बढ़ाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)