(आसिम कमाल)
दौसा (राजस्थान), 16 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कदमताल करते हुए दिखे।
शुक्रवार को राहुल के नेतृत्व वाली इस पदयात्रा के 100 दिन पूरे हो गए। सुबह चाय के लिए विराम के बाद सुक्खू के अलावा अग्निहोत्री और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) की प्रमुख प्रतिभा सिंह, उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह और राज्य के कुछ अन्य नवनिर्वाचित विधायक तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला भी यात्रा में शामिल हुए।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का गढ़ कहे जाने वाले दौसा में पदयात्रियों के स्वागत के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। नेताओं की हौसला अफजाई के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर लोगों की कतारें लगी हुई थीं।
राहुल के बगल में चल रहे पायलट के समर्थन में कई जगहों पर नारे लगे। सचिन पायलट और उनके पिता दिवंगत राजेश पायलट, दोनों पूर्व में दौसा से सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।
सुक्खू, अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह, शुक्ला और हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित विधायक सुबह यात्रा के एक लंबी दूरी तय करने के बाद इसमें शामिल हुए। शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत 23 किलोमीटर की दूरी तय की गई। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कुछ देर राहुल के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
पदयात्रियों के साथ कदमताल करते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसके माध्यम से देश के आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उजागर किया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY