चित्रदुर्ग (कर्नाटक), 12 अक्टूबर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी अंगदान की अहमियत पर जोर देने के लिए अंगदान करने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों के साथ बुधवार को पैदल चले।
पार्टी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ चलने वाले करीब 33 ‘यात्रियों’ ने अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया है।
एक विज्ञप्ति के मुताबिक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत अभिनेता संचारी विजय के परिवार के सदस्यों ने राहुल गांधी के साथ मार्च किया। संचारी की मौत एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में हो गई थी। उनके अलावा, चिक्कमंगलुरु जिले की छात्रा रक्षिता और वेदा मंजूनाथ के परिवार के सदस्यों ने भी कांग्रेस नेता के साथ मार्च किया। रक्षिता की एक बस से गिरने के बाद सिर में चोट लगने से मृत्यु हो गयी थी जबकि मंजूनाथ हुबली धारवाड़ बाईपास पर एक दुर्घटना का शिकार हो गये थे।
बाद में फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें इन अंग दाताओं के बहादुर परिजनों के साथ चलने का सौभाग्य मिला और वे सहानुभूति और मानवता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा, “ उनके जाने की यह कोई उम्र नहीं थी। रक्षिता, वेदा और विजय बहुत जल्दी चले गए। मौत के बाद भी, उन्होंने जीवन बचाने के लिए अपने अंग दान करके दूसरों को खुशी का उपहार दिया है। यह प्रेम और बलिदान का सुंदर भाव है। यह देखभाल और करुणा की मानवीय भावना है जिसे हमें विकसित करना चाहिए और संजोना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “यह (जीवन) इतना मूल्यवान है कि इसे कुछ लोगों के घृणापूर्ण और लालची षडयंत्रों में (नहीं) गंवाया जाए।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि कन्नड़ के दिवंगत अभिनेता राजकुमार और उनके अदाकार बेटे दिवंगत पुनीत राजकुमार ने भी अपनी आंखें दान देकर निस्वार्थ कार्य किया जिससे लाखों कन्नड़ भाषियों और अन्य को प्रेरणा मिली तथा अंग दान की अहमियत के प्रति लोगों में जागरुकता फैली।
उन्होंने कहा, “ मुझे आपको यह बताते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि 33 भारत यात्रियों ने कर्नाटक की खूबसूरत जमीन से अपनी आंखें दान देने का संकल्प लिया है।”
राहुल गांधी ने कहा, “सद्भाव, भाईचारे और मानवता की भावना में असीम प्रेम और आनंद है।”
यात्रा अपने 35वें दिन छल्लाकेरे से शुरू हुई और दिन में ऐतिहासिक चित्रदुर्ग जिले से गुज़री।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY