देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में दाखिल हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नौ दिनों के विश्राम के बाद मंगलवार को फिर आरंभ हुई और उत्तर प्रदेश में दाखिल हो गई।
नयी दिल्ली/गाजियाबाद, तीन जनवरी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नौ दिनों के विश्राम के बाद मंगलवार को फिर आरंभ हुई और उत्तर प्रदेश में दाखिल हो गई।
दिल्ली से उत्तर प्रदेश के लिए यह यात्रा सुबह करीब 10 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट जमुना बाजार से रवाना हुई और दोपहर को उत्तर प्रदेश के लोनी (गाजियाबाद) पहुंची जहां से यह देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में दाखिल हुई।
उत्तर प्रदेश पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी और अन्य ‘भारत यात्रियों’ का स्वागत किया।
कांग्रेस महासचिव और पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा भी इस यात्रा में शामिल हुईं और राहुल गांधी और अन्य नेताओं का स्वागत किया।
दिल्ली प्रदेश के नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं को यात्रा का ध्वज सौंपा।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और गत 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची थी। नौ दिनों के विराम के बाद आज यह फिर से आरंभ हुई है और उत्तर प्रदेश के बाद हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर जाएगी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोमवार को बताया था कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा पांच जनवरी तक रहेगी। छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी।
वेणुगोपाल के अनुसार, 20 जनवरी को यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे और वहीं इस यात्रा का समापन होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2023 01:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

