देश की खबरें | दोनों वाहन चालकों की लापरवाही से हुआ भांकरोटा गैस टैंकर हादसा: बाघमार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि भांकरोटा गैस टैंकर हादसा मुख्य रूप से दोनों वाहन चालकों की लापरवाही से हुआ।
जयपुर, 20 फरवरी सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि भांकरोटा गैस टैंकर हादसा मुख्य रूप से दोनों वाहन चालकों की लापरवाही से हुआ।
बाघमार ने कहा कि 'सुरक्षात्मक उपाय' होने की दशा में यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं।
जयपुर के भांकरोटा इलाके में पिछले साल 20 दिसंबर को तड़के जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रक ने एलपीजी से भरे टैंकर को टक्कर मार दी थी। इससे भीषण आग लग गई थी और 35 से अधिक वाहन इसकी चपेट में आ गए थे। घटना 20 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
बाघमार ने कहा कि भांखरोटा दुर्घटना में दोनों वाहन चालकों की लापरवाही से हादसा हुआ लेकिन अन्य 'सुरक्षात्मक उपाय' होने की दशा में यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
बाघमार ने कहा कि राज्य सरकार इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं के प्रति संवेदनशील है तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन को सुरक्षित बनाने के लिए तथा इन वाहनों की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मौजूदा नियमों की भी समीक्षा की जा रही है।
मंत्री ने कहा, “इस दुर्घटना के बाद कार्रवाई करते हुए अजमेर रोड पर मौजूद 33 अनधिकृत 'कट' में से 32 'कट' को बंद कर दिया गया है तथा राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण की एक अधिकारी का तबादला कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आगामी दस साल की कार्ययोजना भी बनाई गई है, जिसके तहत 2030 तक दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाने तथा वर्ष 2033 तक दुर्घटनाओं में 75 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)