भदोही दुर्गा पूजा पंडाल आग: मृतक संख्या बढ़कर पांच हुई, आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक दुर्गा पूजा पंडाल में ‘हैलोजन लाइट’ के अधिक गर्म होने के कारण लगी आग में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 अन्य लोग घायल हुए हैं.
भदोही (उप्र), तीन अक्टूबर: भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक दुर्गा पूजा पंडाल में ‘हैलोजन लाइट’ के अधिक गर्म होने के कारण लगी आग में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 अन्य लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंडाल में रविवार को एक ‘डिजिटल शो’ के दौरान आग लग गई थी और उसके बाद वहां भगदड़ भी मच गई थी. उनके अनुसार हादसे के समय पंडाल में 300 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें से अधिकतर महिलाएं एवं बच्चे थे. UP Shocker: पांच साल की बच्ची से 12 वर्षीय बालक ने किया रेप, बहला फुसलाकर ले गया था पास के घर.
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सोमवार को एक नई सूची जारी करते हुए बताया कि रविवार रात के इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी और फिलहाल कुल 70 मरीज़ (झुलसे हुए लोग) भदोही ,वाराणसी ,प्रयागराज के अस्पतालों में भर्ती हैं.
भदोही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया की इस मामले में पूजा समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जिलाधिकारी ने बताया कि एक ‘हैलोजन लाइट’ के अधिक गर्म होने के बाद बिजली के तार में आग लग गई जो पूरे पंडाल में फैल गई. उनके अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे औराई थाने से 100 मीटर दूर नरथुआ गांव में हुआ.
राठी ने बताया कि घटना की जांच के लिए अपर महानिदेशक पुलिस (एडीजी) राम कुमार ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे में कुल 75 लोग घायल हो गए थे, उनमें से जया देवी (45), अंकुश सोनी (12) और नवीन (10) की पहले ही मौत हो गई थी. बाद में आरती चौबे (48) और हर्षवर्धन (8) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि औराई थाने में इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. कुमार ने बताया कि इस संबंध में समिति के अध्यक्ष और सदस्यगण के खिलाफ औराई पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि जांच दल ने पाया कि ‘हैलोजन लाइट’ के गर्म होने से तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई, जिससे पूरा पंडाल खाक हो गया. उनके अनुसार यह घटना लापरवाही बरतने से हुई है. अधिकारियों ने बताया यह पंडाल ‘एकता क्लब पूजा समिति’ का था.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है. इस बीच मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और कहा कि सरकार मामले को लेकर संवेदनशील है और मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर संभव उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिये हैं.
राजभर ने बताया कि यहां की घटना को देखते हुए पूरे प्रदेश में सख्त निर्देश जारी किया है कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो. उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार यहां लगातार नज़र बनाये हुए है.
लखनऊ में सोमवार को जारी किए गए एक सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा सहित सभी धार्मिक आयोजनों से जुड़ी समितियों से पंडालों के निर्माण में विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्णतया पालन करने की अपील की है.
सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रशासन से इन आयोजन समितियों से बात करने और पूजा पंडालों में विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में पूजा पंडालों में हुई कुछ घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 03, 2022 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

