देश की खबरें | बंगाल : नाबालिग से बलात्कार और हत्या के तीन दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गयी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने एक नाबालिग के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए तीन लोगों को बृहस्पतिवार को फांसी की सजा सुनाई।
जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 10 जुलाई पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने एक नाबालिग के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए तीन लोगों को बृहस्पतिवार को फांसी की सजा सुनाई।
यह घटना लगभग पांच साल पहले हुई थी।
रहमान अली, जमीरुल और तामीरुल पर पीड़िता का अपहरण करने और कई दिनों तक उसके साथ बार-बार बलात्कार करने, फिर चराई नदी के किनारे गला घोंटकर उसकी हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को पड़ोस में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में फेंकने का आरोप था।
न्यायाधीश रिंटू सूर ने बुधवार को अदालत में 27 गवाहों की गवाही के बाद तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई।
अपराध की यह घटना अगस्त 2020 में उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी। मामला तब सामने आया जब स्थानीय मदरसे में दसवीं कक्षा की छात्रा 16 वर्षीय लड़की के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
बाद में पीड़िता का शव आंशिक रूप से सड़ी हुई अवस्था में एक आरोपी के घर के पास स्थित सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया, जहां उसे फेंका गया था।
अदालत ने मृत्युदंड सुनाते हुए कहा कि यह अपराध 'दुर्लभतम' श्रेणी में आता है।
पुलिस के अनुसार, तीनों दोषियों की उम्र लगभग 30-35 वर्ष के बीच है और वे एकदूसरे के पड़ोसी गांवों में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों ने 10 अगस्त, 2020 को पीड़िता को उसके घर के पास से अगवा करने और उसे स्थानीय होटलों सहित अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसका यौन शोषण करने की बात कबूल की है।
बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

